साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में उतरते ही हरमनप्रीत कौर रचेंगी इतिहास, ऐसा करने वाली बनेंगी दुनिया की पहली क्रिकेटर
हरमनप्रीत कौर
Harmanpreet Kaur: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम करने के बेहद करीब हैं. आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में मैदान पर उतरते ही हरमनप्रीत वर्ल्ड क्रिकेट में एक ऐसा रिकॉर्ड बना देंगी, जिसे अब तक कोई भी पुरुष और महिला क्रिकेटर नहीं हासिल कर सका है.
हरमनप्रीत कौर रचेंगी इतिहास
दरअसल आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को अपना अगला मुकाबला साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलना है. दोनों टीमों के बीच यह मैच 21 जून को मैनचेस्टर में खेला जाएगा. इस मैच में मैदान पर उतरते ही भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर इतिहास रच देंगी. बता दें, ये मुकाबला उनके करियर का 200वां टी20 इंटरनेशनल मैच होगा. इसके साथ ही वह 200 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन जाएंगी.
Harmanpreet Kaur is on the verge of going where no cricketer – male or female – has gone before 💯 💯 pic.twitter.com/B0JYH0CKvB
— ESPNcricinfo (@ESPNcricinfo) June 20, 2026
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप से बाहर हुईं श्रेयंका पाटिल, भारत के लिए एक भी मैच न खेलने वाली प्रेमा रावत को मिला डेब्यू का मौका
कब किया था डेब्यू
बता दें, हरमनप्रीत कौर ने 11 जून 2009 को इंग्लैंड महिला टीम के खिलाफ टांटन में भारतीय टीम के लिए टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था. तब से लेकर अब तक उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और नेतृत्व क्षमता से भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने कई बड़े टूर्नामेंटों में शानदार प्रदर्शन किया और एक आईसीसी ट्रॉफी भी जीती.
हरमनप्रीत कौर टी20I करियर
37 वर्षीय भारतीय स्टार क्रिकेटर और मौजूदा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए अब तक कुल 199 मैच खेले हैं. जिसकी 178 पारियों में उन्होंने 4123 रन बना लिए हैं. इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर 103 रन का रहा है. टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम 17 अर्धशतक और 1 शतक दर्ज है.