इंजमाम-उल-हक के भतीजे इमाम-उल-हक की फर्जी चोट से पाकिस्तान क्रिकेट में बवाल, PCB करेगा जांच
इमाम-उल-हक
Imam-ul-Haq Fake Injury: पाकिस्तान क्रिकेट टीम इन दिनों इंग्लैंड दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है. इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन के बीच सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक अपनी चोट के चलते विवादों में घिर गए हैं. उनपर फर्जी चोट बनाने का का आरोप लगा है. अब इस मामले पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने जांच का फैसला किया है.
इंग्लैंड दौरे के बीच वापस बुलाए गए 7 खिलाड़ी
दरअसल इंग्लैंड दौरे के बीच पाकिस्तान की टीम विवादों में घिर गई है. लगातार दो टेस्ट मैचों में मिली शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सख्त रुख अपनाते हुए बीच सीरीज बड़ा फैसला लिया है और 7 खिलाड़ियों को बीच दौरे से वापस बुला लिया है. इन सात खिलाड़ियों में इंजमाम-उल-हक के भतीजे इमाम-उल-हक का नाम भी शामिल है. बता दें, सलामी बल्लेबाज इमाम बीते दिन मंगलवार को लंदन से पाकिस्तान वापस लौट आए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, उनपर फर्जी चोट बनाने का आरोप लगा है, जिसके बाद पीसीबी उनके खिलाफ जांच करने की तैयारी में जुटा हुआ है.
इमाम-उल-हक की चोट पर उठे सवाल
दरअसल इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दौरान इमाम-उल-हक के काफ मसल में चोट लग गई थी. इसके बाद टीम मैनेजमेंट ने टेस्ट के दूसरे दिन बयान जारी कर बताया था कि फील्डिंग के दौरान मुकाबले के पहले ही दिन खिलाड़ी को चोट लगी थी. हालांकि बाद में इस चोट को मसल टियर बताया गया. इस चोट के चलते इमाम दूसरे टेस्ट के दौरान बल्लेबाज करने नहीं उतरे थे. लेकिन अब उनकी चोट को लेकर सवाल उठने लगे हैं और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस पूरे मामले पर जांच करना चाहता है. सूत्रों के मुताबिक इमाम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं और उन्हें बोर्ड की जांच कमेटी के सामने पेश होना पड़ सकता है.
नकली चोट का लगा आरोप
पाकिस्तानी सलामी बल्लेबाज इमाल-उल-हक पर फर्जी चोट बनाने का आरोप लगा है. हालांकि उनपर लगा यह आरोप अभी साबित नहीं हुआ है, लेकिन उनकी इंजरी को लेकर संदेह गहरा होता जा रहा है. यह मामला तब और गंभीर हुआ जब पूर्व पाकिस्तानी चीफ सेलेक्टर मोहम्मद वसीम ने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि टीम के पूर्व फिजियो क्लिक डिकॉन ने 2022 में भी इमाम की चोटों के पैटर्न पर सवाल उठाए थे. इसके अलावा न्यूजीलैंड दौरे के दौरान पिछली जांच में भी इमाल पर चोट का नाटक करने का आरोप लगा था, जिसमें वह दोषी पाए गए थे. यही वजह है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस बार इस पूरे मामले में औपचारिक जांच करना चाहता है.