IND vs PAK: कोलंबो में महामुकाबले का क्रेज, आसमान छू रहीं फ्लाइट-होटल की कीमतें, एड रेट्स में भी भारी उछाल
भारत-पाकिस्तान मैच का क्रेज बढ़ा
IND vs PAK T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच शुरू हो चुका है, जहां कल यानी 15 फरवरी रविवार को भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाली जबरदस्त भिड़ंत पर सबकी निगाहें टिकी हैं. श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर फैंस में जबरदस्त क्रेज है. इस महामुकाबले के चलते विज्ञापन मार्केट में भी भारी उछाल आया है और कंपनियां इस मैच को करोड़ों दर्शकों तक पहुंचाने के लिए एड स्लॉट्स पर पानी की तरह पैसा बहा रही हैं. वहीं फैंस की बढ़ती भीड़ के कारण कोलंबो की फ्लाइट टिकट और स्थानीय होटलों की बुकिंग भी महंगी हो गई है.
विज्ञापन की कीमतें आसमान छू रही हैं
एक्स्पर्ट्स का मानना है कि भारत-पाकिस्तान के इस बड़े मैच के लिए विज्ञापन की कीमतें आसमान छू रही हैं. टीवी पर सिर्फ 10 सेकंड का विज्ञापन दिखाने के लिए कंपनियां 30 से 40 लाख रुपये तक दे रही हैं, जबकि आमतौर पर बड़े मैचों के लिए यह रेट 20-25 लाख रुपये ही होता है. आखिरी समय में एड स्लॉट्स के दाम 20-25 फीसदी तक बढ़ गए हैं और उम्मीद है कि मैच के दौरान एक भी सेकंड खाली नहीं बचेगा. ब्रॉडकास्टर जियोस्टार को इस पूरे वर्ल्ड कप से विज्ञापन के जरिए लगभग 2000 करोड़ रुपये की बंपर कमाई होने की उम्मीद है.
कौन सी कंपनियां ज्यादा विज्ञापन दे रही हैं?
- एक्स्पर्ट्स के अनुसार, डिजिटल प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर भी विज्ञापनों की कीमतें काफी बढ़ गई हैं, जहां 10 सेकंड के स्लॉट के लिए 15 से 20 लाख रुपये वसूले जा रहे हैं.
- विज्ञापन देने के मामले में ऑटोमोबाइल, बैंकिंग, इंश्योरेंस और रियल एस्टेट जैसी बड़ी कंपनियां सबसे ज्यादा दिलचस्पी दिखा रही हैं और इस मौके का पूरा फायदा उठाना चाहती हैं.
सोने-चांदी की कीमतों से हो रही है तुलना
इस टी20 वर्ल्ड कप में विज्ञापन देने के लिए एमिरेट्स, अमूल, OpenAI, हुंडई, महिंद्रा, और ब्रिटानिया जैसे बड़े ब्रांड्स शामिल हैं. मार्केटिंग विशेषज्ञों का मानना है कि भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान विज्ञापनों की कीमत इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि इसकी तुलना सोने-चांदी के महंगे कीमतों से की जा रही है.
हवाई किराया कितना महंगा हुआ?
- भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस रोमांचक मैच को देखने के लिए इंडियन फैंस में गजब का उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग कोलंबो जा रहे हैं.
- ट्रैवल प्लेटफॉर्म EaseMyTrip के अनुसार, मांग बढ़ने की वजह से कोलंबो के लिए आने-जाने का हवाई किराया सामान्य की तुलना में 45 से 50 प्रतिशत तक महंगा हो गया है.
- वहीं MakeMyTrip के अनुसार, 15 फरवरी वाले वीकेंड के लिए कोलंबो की बुकिंग पिछले तीन दिनों में दोगुनी हो चुकी है.
- Cleartrip के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान मैच के चलते कोलंबो की बुकिंग में 65 प्रतिशत का उछाल आया है और भारतीय शहरों से फैंस जमकर टिकट बुक कर रहे हैं.
होटलों के दाम कितने बढ़े?
कोलंबो में होटलों की बुकिंग और सर्च काफी बढ़ गई है, खासकर शहर के बीचों-बीच स्थित 4 और 5 स्टार होटलों की सबसे ज्यादा डिमांड है. भारी भीड़ की वजह से प्रीमियम होटलों के दाम भी 20-25 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं और मैच के दौरान लगभग सभी बड़े होटल पूरी तरह फुल होने वाले हैं.