IND vs SL: श्रीलंका में वॉर्मअप मैच से बाहर हुए शुभमन गिल, केएल राहुल बने कप्तान

Shubman Gill: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले दोनों टीमों के बीच तीन दिवसीय वॉर्मअप मैच खेला जा रहा है. प्रैक्टिस मैच के दौरान टीम इंडिया के नियमित कप्तान शुभमन गिल की जगह उपकप्तान केएल राहुल टॉस के लिए मैदान पर उतरे.
Shubman Gill or KL Rahul

शुभमन गिल और केएल राहुल

Shubman Gill: भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों श्रीलंका दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच 15 अगस्त से दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है. इस सीरीज से पहले दोनों टीमों के बीच आज यानी 7 अगस्त से तीन दिवसीय वॉर्मअप मैच खेला जा रहा है. यह मैच कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड पर खेला जा रहा है. प्रैक्टिस मैच के दौरान टीम इंडिया के नियमित कप्तान शुभमन गिल की जगह उपकप्तान केएल राहुल टॉस के लिए मैदान पर उतरे. इसके बाद बीसीसीआई ने शुभमन गिल की चोट पर अपडेट शेयर किया और बताया कि इंजरी के चलते गिल इस मैच के पहले दिन नहीं उतर सके.

वॉर्मअप मैच से बाहर हुए शुभमन गिल

दरअसल बीते दिन गुरुवार को प्रैक्टिस सेशन के दौरान भारतीय कप्तान शुभमन गिल चोटिल हो गए थे. उनकी उंगली में चोट लग गई थी, जिसके कारण वह वॉर्मअप मैच के पहले दिन नहीं खेल पा रहे हैं. बीसीसीआई ने उनकी इंजरी पर अपडेट देते हुए कहा, गुरुवार को अभ्यास सत्र के दौरान कप्तान शुभमन गिल के दाहिने हाथ की आनमिका उंगली पर चोट लग गई थी. सावधानी बरतते हुए उन्हें इस तीन दिवसीय प्रैक्टिस मैच के पहले दिन मैदान पर न उतरने की सलाह दी गई है. बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी चोट की रिकवरी पर लगातार नजर बनाए हुए है.

यह भी पढ़ें: IND vs SL: गॉल टेस्ट से पहले बढ़ी टीम इंडिया की टेंशन! कप्तान शुभमन गिल को लगी चोट

केएल राहुल ने संभाली टीम की कमान

श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल को टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है. ऐसे में गिल की गैरमौजूदगी में वही टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे हैं. बीसीसीआई ने भी जानकारी शेयर करते हुए बताया कि इस वॉर्मअप मैच में केएल राहुल टीम को लीड कर रहे हैं. गिल की चोट ने भारतीय टीम की चिंता जरूर बढ़ा दी है.

श्रीलंका क्रिकेट XI ने जीता टॉस

कोलंबो में जारी इस वॉर्मअप मैच की बात करें तो श्रीलंका क्रिकेट XI के कप्तान सोनल दिनुशा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. बता दें, प्रैक्टिस मैच के लिए प्लेइंग 11 का ऐलान नहीं किया जाता है, ऐसे में गिल भारत की पारी के दौरान बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतर सकते हैं. हालांकि यह फैसला टीम मैनेजमेंट के हाथों में होगा.

ज़रूर पढ़ें