IND vs SL: कट शॉट बना यशस्वी जायसवाल की सबसे बड़ी कमजोरी, 27 गेंदों में 4 बार हुए आउट
यशस्वी जायसवाल
Yashasvi Jaiswal: भारत और श्रीलंका के बीच जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के बीच टीम इंडिया के स्टार सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की एक बड़ी कमजोरी उजागर हुई. जायसवाल कट शॉट खेलने में लगातार संघर्ष करते नजर आ रहे हैं. सामने आए आंकड़ों के मुताबिक वह कई बार कट शॉट खेलते समय अपना विकेट गंवा चुके हैं. ऐसे में कोलंबो में होने वाले दूसरे टेट मैच से पहले वह अपनी इस खास कमजोरी पर जोरदार मेहनत कर रहे हैं.
यशस्वी जायसवाल की कमजोरी बनी कट शॉट
दरअसल भारतीय स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल कोलंबो में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के दो दिन पहले नेट्स में अपनी उस कमजोरी पर काम कर रहे हैं, जो गॉल टेस्ट के एक बार फिर सामने आई थी. बता दें, ऑफ स्टंप के बाहर तेज गेंदबाजों की गेंद पर कट शॉट खेलने की उनकी आदत इन दिनों उनके लिए सबसे बड़ा सिर दर्द बनती जा रही है. गॉल टेस्ट में भी वह कट शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे थे.
यह भी पढ़ें: SL vs IND: कोलंबो में बदलेगी टीम इंडिया की प्लेइंग 11! कुलदीप यादव की जगह इस खिलाड़ी को मिलेगा मौका
27 गेंदों में 4 बार हुए आउट
आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते कुछ महीनों में जायसवाल तेज गेंदबाजों के खिलाफ कट शॉट खेलते हुए कई बार आउट हो चुके हैं. बता दें, साल 2025 अक्टूबर में भारतीय टेस्ट सीजन शुरू होने के बाद से यशस्वी जायसवाल 27 गेंदों में तेज गेंदबाजों के खिलाफ कट शॉट खेलने के चक्कर में 4 बार आउट हो चुके हैं. वहीं, टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू से लेकर पिछले साल इंग्लैंड दौरे तक, करीब 2 साल के दौरान वह 190 गेंदों में सिर्फ 4 बार इस शॉट पर आउट हुए थे. बीते एक साल में उनकी यह कमजोरी ज्यादा साफ उजागर होकर सामने आई है.
नेट्स में कमजोरी पर कर रहे काम
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के गलत शॉट खेलने का प्रतिशत भी बढ़ गया है. कोलंबो में होने वाले दूसरे टेट मैच से पहले जायसवाल नेट्स पर अपनी कमजोरी पर जोरदार मेहनत कर रहे हैं. शुक्रवार को तेज गेंदबाजों ने नेट्स में उन्हें लगातार इस एरिया में परखने की कोशिश की. आकिब नबी, गुरनूर बराड़ ने उन्हें जमकर अभ्यास कराया.