निशांत सिंधु की फिरकी का चला जादू, इंडिया A ने अफगानिस्तान A को 101 रनों से रौंदा
इंडिया ए (Source-BCCI)
IND A vs AFG A: श्रीलंका में जारी ट्राई नेशन ए सीरीज के पांचवें मुकाबले में इंडिया ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान ए को 101 रन से हरा दिया है. इस मैच में भारतीय स्पिन गेंदबाज निशांत सिंधु ने घातक गेंदबाजी की और अफगानिस्तान के खिलाफ 4 अहम विकेट चटकाए. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 319 रन बनाए. जवाब में अफगानिस्तान की पूरी टीम 218 रनों पर ही सिमट गई.
भारत की जीत के हीरो रहे निशांत सिंधु
इंडिया ए और अफगानिस्तान ए के बीच खेले गए इस मुकाबले में निशांत सिंधु ने शानदार गेंदबाजी की और 6.5 ओवर में महज 31 रन देकर 4 विकेट झटके. सिंधु ने कप्तान इमरान मीर, शम्स उर रहमान, अब्दुल्ला अहमदज़ई और ज़हीर खान को अपना शिकार बनाया. इस शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. निशांत के अलावा यश ठाकुर ने 2, अंशुल कंबोज, अनुकूल रॉय और विप्रज निगम को 1-1 सफलता मिली.
INTO THE FINALS 👏
— BCCI (@BCCI) June 17, 2026
India A clinch a magnificent 1️⃣0️⃣1️⃣-run win over Afghanistan A to book their spot in the finals of the #TriNationSeries 💙
Scorecard ▶️ https://t.co/Kg9IWt7M5b#INDAvAFGA pic.twitter.com/kZ6YL4ngod
यह भी पढ़ें: शतक तो दूर फिफ्टी के लिए भी तरसे वैभव सूर्यवंशी, 4 मैचों में बनाए सिर्फ 117 रन
कुछ ऐसा रहा मैच का हाल
टॉस हारकर भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रियांश आर्य और कप्तान तिलक वर्मा की अर्धशतकीय पारी के दमपर निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 319 रन बनाए. जवाब में 320 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान ए की टीम शुरुआत से ही दवाब में रही. अफगानिस्तान के लिए कप्तान इमरान मीर और हसन ईसाखिल ने पारी की शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 2.4 ओवर में 25 रन जोड़े.
इसके बाद यश ठाकुर ने ईसाखिल के रूप में अफगानिस्तान को पहला झटका दिया. देखते ही देखते अफगानिस्तान ने 70 रनों के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए. भारतीय गेंदबाजों के सामने अफ़गान टीम पूरी तरह बेबस नजर आई और 36.5 ओवर में 218 रनों पर ही ढेर हो गई. इस तरह भारत ए ने अफगानिस्तान ए पर 101 रनों से जीत दर्ज कर ली है.
पॉइंट्स टेबल पर टॉप पर भारत
इस जीत के साथ इंडिया ए की टीम पॉइंट्स टेबल पर 4 पॉइंट्स के साथ टॉप पर आ गई है. वहीं, 4 पॉइंट्स के साथ श्रीलंका ए की टीम दूसरे पायदान पर है. नेट रनरेट के चलते मेजबान टीम अंक तालिका में भारत से नीचे हैं. इसके अलावा 2 अंक के साथ अफगानिस्तान ए की टीम तीसरे नंबर पर है. अफगानिस्तान के खिलाफ इतनी बड़ी जीत दर्ज करने के बाद इंडिया ए ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है.