32 साल के भारतीय विकेटकीपर ने लिया संन्यास, इमोशनल पोस्ट में रोहित-विराट का जताया आभार
केएस भरत
KS Bharat Retirement: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत ने 32 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है. बीते दिन गुरुवार 4 जून को भरत ने अपने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर करते हुए अपने इस फैसले की जानकारी दी.
पोस्ट शेयर कर दी संन्यास की जानकारी
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, गर्व और कृतज्ञता के साथ मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा करता हूं. अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है.’ अपने इस पोस्ट में भरत ने बीसीसीआई, आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन, वाइजैग डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (VDCA) और अपने परिवार का आभार व्यक्त किया. इसके अलावा उन्होंने पूर्व कप्तान विराट कोहली, रोहित शर्मा और पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का विशेष रूप से धन्यवाद किया.
यह भी पढ़ें: IND vs AFG: अफगानिस्तान सीरीज से पहले टीम इंडिया को एक और झटका, विराट के बाद रोहित भी आउट
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किया था डेब्यू
32 वर्षीय भारतीय विकेटकीपर केएस भरत उन खिलाड़ियों में से एक रहे हैं, जिन्होंने सालों तक घरेलू क्रिकेट में लगातार मेहनत की और अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में जगह बनाई. हालांकि उनका अंतरराष्ट्रीय ज्यादा लंबा नहीं रहा और उन्हें सीमित मौके मिले. लेकिन टीम इंडिया की टेस्ट कैप पाना उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है. 2023 से 2024 के बीच उन्होंने भारत के लिए कुल 7 टेस्ट मैच खेले हैं. जिसमें 20.09 के औसत से उन्होंने 221 रन बनाए.
शुरू में भरत को वेस्टइंडीज दौरे के लिए बैक-अप विकेटकीपर के रूप में टीम में शामिल किया गया था. उन्होंने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 के दौरान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया. विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में उन्हें ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में टीम में शामिल किया गया था. भरत ने अपना आखिरी टेस्ट 2024 में विशाखापट्टनम में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था.
केएस भरत क्रिकेट करियर
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भले ही भरत को ज्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है. अपने करियर में उन्होंने 113 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसकी 180 पारियों में उन्होंने 6102 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 34 अर्धशतक और 11 शतक निकले हैं. इसके अलावा 83 लिस्ट ए मैच की 83 पारियों में भरत ने 2692 रन बनाए. इस फॉर्मैट में उनके नाम 10 अर्धशतक और 8 शतक दर्ज हैं. टी20 में उन्होंने 91 मैचों की 86 पारियों में 1812 रन बनाए हैं, जिसमें 11 अर्धशतक शामिल हैं. इसके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज ने आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए 10 मैचों में 199 रन बनाए हैं.