FIFA WC 2026: 38 साल की उम्र में लियोनेल मेसी से रचा इतिहास, हैट-ट्रिक लगाकर अर्जेंटीना को दिलाई धमाकेदार जीत
लियोनेल मेसी
Lionel Messi: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने अपने पहले मैच में अल्जीरिया को 3-0 से हराकर कर टूर्नामेंट में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की. लियोनेल मेसी ने अपने 200वें इंटरनेशनल मैच और छठे वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है. उन्होंने वर्ल्ड कप के इतिहास में अपनी पहली हैट्रिक लगाई. इस हैट्रिक के साथ स्टार फुटबॉलर ने फीफा वर्ल्ड कप में सर्वाधिक गोलों के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है.
लियोनेल मेसी ने रचा इतिहास
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में कैनसस सिटी के GEHA फील्ड एड एरोहेड स्टेडियम में अर्जेंटीना और अल्जीरिया के बीच खेले गए मैच में मेसी ने शानदार हैट्रिक जमाकर अपनी टीम को पहले ही मैच में 3-0 से जीत दिलाई. फीफा वर्ल्ड कप में मेसी की ये पहली हैट्रिक है. इस हैट्रिक के साथ मेसी ने फीफा वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 16 गोल दागने वाले जर्मनी के मिरास्लोव क्लोज के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. इसके अलावा मेसी फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में हैट्रिक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने क्रिस्टियानो रोनाल्डो के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026: नेमार की गर्लफ्रेंड ने शेयर की गुड न्यूज, 5वीं बार पिता बनेंगे स्टार फुटबॉलर
मेसी ने जड़ी हैट्रिक
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अल्जीरिया के खिलाफ पहले मैच में मेसी ने अपने हैट्रिक की शुरुआत मैच के 17वें मिनट से की. इस दौरान उन्होंने अपना पहला गोल किया. पहला हाफ मेसी के इस गोल के साथ ही समाप्त हो गया. दूसरे हाफ में मेसी ने 60वें मिनट पर अपना दूसरा गोल दागा. इसके बाद मेसी ने अपना तीसरा गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की. फीफा वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना के इस स्टार खिलाड़ी की यह पहली हैट्रिक है. इसके अलावा यह उनके इंटरनेशनल करियर की 11वीं हैट्रिक है.
ऐसा करने वाले बने दुनिया के पहले फुटबॉलर
अल्जीरिया के खिलाफ इस मैच में मेसी ने एक और ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है. वह फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में छह संस्करण खेलने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए हैं. इसके अलावा वह 200 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले दक्षिण अमेरिका के पहले मेंस फुटबॉलर और दुनिया के केवल तीसरे पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं.