हार्दिक पंड्या को लेकर नेस वाडिया का रिएक्शन, भारतीय खिलाड़ी को बताया दुनिया का बेहतरीन ऑलराउंडर
नेस वाडिया और हार्दिक पंड्या
Ness Wadia On Hardik Pandya: आईपीएल 2027 के सीजन से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच इतिहास की सबसे बड़ी ट्रेड डील में से एक हुई. स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या पंजाब में शामिल हो गए हैं. वहीं, दूसरी तरफ स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई के साथ जुड़ गए हैं. इस डील के फाइनल होने के बाद पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया ने क्रिकबज के साथ बातचीत में इस हाई-प्रोफाइल कदम पर अपनी राय रखी है.
नेस वाडिया ने हार्दिक को बताया बेहतरीन ऑलराउंडर
क्रिकबज ने इंटरव्यू के दौरान पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया से इस ट्रेड के बारे में बात करते हुए पूछा कि एक खिलाड़ी के तौर पर हार्दिक पंड्या के बारे में आप हमें क्या बता सकते हैं? पंड्या के पीछे पंजाब की क्या राय है और हार्दिक ही क्यों? इसपर जवाब देते हुए वाडिया ने पंड्या के लिए कहा वह विश्व-स्तरीय खिलाड़ी हैं. उन्होंने आईपीएल और आईसीसी खिताबों सहित कई ट्रॉफियां जीती हैं. वह दुनिया के बेहतरीन ऑलराउंडरों में से एक हैं और अपने साथ काफी अनुभव और समझ लेकर आते हैं. अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए वाडिया ने कहा मुझे लगता है कि वह टीम के लिए एक बहुत बड़ा योगदान साबित होंगे और हेड कोच रिकी पोंटिंग के साथ मिलकर टीम को प्रेरित करेंगे.
How important will Hardik Pandya be for Punjab Kings? 🤔 Co-owner Ness Wadia opens up in a chat with Cricbuzz… #IPL2027 #PunjabKings https://t.co/FF14ayuYRD
— Cricbuzz (@cricbuzz) November 12, 2026
बताया लॉन्ग-टर्म इन्वेस्टमेंट
नेस वाडिया ने हार्दिक पंड्या को पंजाब किंग्स के लिए लॉन्ग-टर्म इन्वेस्टमेंट बताया है. उन्होंने कहा कि वह पंड्या को पंजाब में लॉन्ग-टर्म इन्वेस्टमेंट के रूप में देख रहे हैं और वह उन्हें टीम में लंबे समय तक रखना चाहते हैं. उन्होंने हार्दिक को एक मैच-विनर खिलाड़ी बताया है जो टीम की खिताबी उम्मीदों को और मजबूत करेंगे. कप्तानी को लेकर भी वाडिया ने साफ कर दिया है कि आगामी सीजन में भी पंजाब किंग्स की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में ही रहेगी. उन्होंने कहा कि टीम में ‘सरपंच’ यानी कप्तान सिर्फ एक ही है.
अर्शदीप को जाने देना कठिन
क्रिकबज को दिए इंटरव्यू में नेस वाडिया ने माना कि अर्शदीप सिंह को मुंबई इंडियंस को जाने देना बेहद मुश्किल फैसला था, लेकिन यह डील दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद साबित रही. अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए वाडिया ने कहा सबसे अहम बात यह है कि भले ही अर्शदीप को जाने देना हमारे लिए दुख की बात है, लेकिन हमें इस बात की बहुत खुशी है कि वह पिछले आठ सालों से हमारे साथ रहे हैं.



