WCL में पाकिस्तान की फजीहत, भारतीय खिलाड़ियों से माफी की मांग पड़ी भारी, टूर्नामेंट से बाहर हुई पाक टीम
पाकिस्तान चैंपियंस
PCB Apology Demand Rejected: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स सीजन-3 को लेकर भारत-पाकिस्तान के बीच विवाद एक बार फिर सुर्खियों में हैं. पाकिस्तान चैंपियंस ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम को टूर्नामेंट में खेलने के लिए NOC देने पर कुछ शर्ते रखी थीं. सूत्रों के मुताबिक, पीसीबी ने NOC जारी करने के लिए भारतीय खिलाड़ियों से पिछले साल हुए मैच विवाद पर लिखित माफी और हैंडशेक की शर्त रखी थी जिसे WCL प्रबंधन ने मानने से इनकार कर दिया है.
पाकिस्तान चैंपियंस ने नाम लिया वापस
रिपोर्ट्स के मुताबिक वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स की आयोजन समिति ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की इन शर्तों को मानने से इनकार कर दिया है. WCL प्रबंधन ने पीसीबी की व्यावसायिक शर्तों को मान लिया था, लेकिन लिखित माफी और हैंडशेक की मांग नहीं मानी. इसके बाद पाकिस्तान चैंपियंस ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस लेने का फैसला किया.
🚨 WCL MANAGEMENT DENIED PCB DEMANDS ❌ – PCB agreed to issue NOC to the Pakistan Champions to play in WCL but they put forward to certain conditions Indian players should be given written apologies for not taking field last year but WCL management has refused any demands from Pakistan.
— Johns. (@CricCrazyJohns) October 5, 2026
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया के बाद मुंबई की टीम से भी सूर्या की छुट्टी, रणजी ट्रॉफी 2026-27 के लिए नहीं मिली जगह
पिछले सीजन भारत ने नहीं खेला था पाकिस्तान से मैच
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के दूसरे सीजन में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया था. इसके चलते दोनों टीमों के बीच ग्रुप स्टेज का मुकाबला रद्द हो गया था. इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबले में भी भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ मैदान नहीं उतरी, जिसके बाद पाक टीम को वॉकओवर मिला और वह फाइनल में पहुंच गया. हालांकि, फाइनल में उन्हें साउथ अफ्रीका के हाथों हार का सामना करना पड़ा. इसके अलावा पिछले सीजन दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक भी नहीं हुआ था.
रद्द हुआ भारत-पाकिस्तान मैच
बता दें, वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के तीसरे सीजन में भारत-पाकिस्तान के बीच 10 अक्टूबर को मैच खेला जाना था. लेकिन, पाकिस्तान के नाम वापस लेने के बाद यह मैच रद्द हो गया है. इसके अलावा बीते दिन, 5 अक्टूबर को पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी मैच खेलना था, लेकिन यह मैच आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया गया है.