PBKS vs GT: शुभमन गिल पर भारी पड़े युज़वेंद्र चहल, IPL में चौथी बार बनाया शिकार
शुभमन गिल
PBKS vs GT: आईपीएल 2026 का चौथा मुकाबला आज सोमवार को पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की टीम को कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने शानदार शुरुआत दिलाई और पावरप्ले में ही 54 रन बना डाले. इस मैच में गिल अच्छी लय में नजर आए,लेकिन आखिरकार वह युजवेंद्र चहल की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे.
चहल का शिकार हुए गिल
पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए इस मुकाबले में गिल अच्छी लय में नजर आए और उन्होंने टीम को तेज शुरुआत दिलाई. लेकिन जैसे ही कप्तान श्रेयस अय्यर ने गेंद चहल को थमाई, मुकाबले का रोमांच बढ़ गया. चहल की गेंदबाजी हमेशा से बल्लेबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण रही है,खासकर मिडल ओवर्स में उनकी काबिलियत मैच का रुख बदल सकती है.
आज के मैच में भी चहल ने अपनी चालाकी दिखाई और गिल को ज्यादा खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. हालांकि गिल ने शुरुआत में कुछ शानदार शॉट लगाए, लेकिन चहल के खिलाफ उनकी स्ट्राइक रोटेशन धीमी नजर आई 9वें ओवर की तीसरी गेंद पर गिल चहल की गेंद पर आउट हो गए.इस मैच में गिल ने 27 गेंदों में 6 चौके की मदद से 39 रन की पारी खेली.
यह भी पढ़ें: MPL के सबसे महंगे खिलाड़ी बने आशुतोष शर्मा, मालवा स्टेलियंस ने 15 लाख में खरीदा
IPL में कितनी बार चहल ने गिल को किया आउट?
बता दें, आईपीएल इतिहास में युजवेंद्र चहल ने शुभमन गिल को अब तक 9 पारियों में कुल 4 बार आउट किया है.आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के मैच में चहल ने गिल को चौथी बार पवेलियन भेजकर अपना दबदबा फिर साबित किया. इन नौ पारियों में गिल चहल के खिलाफ 17.25 की औसत से महज 69 रन ही बना सके हैं.