RCB vs SRH: फिल साल्ट का ‘सुपरमैन शो’! बाउंड्री पर लपके 2 हैरतअंगेज कैच

RCB vs SRH: इस मैच में फैंस को उस वक्त शानदार फील्डिंग का बेहतरीन नमूना देखने को मिला, जब फिल साल्ट ने बाउंड्री पर दो हैरतअंगेज कैच लपककर मैच का रुख ही बदल दिया.
Phil Salt

फिल साल्ट

RCB vs SRH: आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मैच में फैंस को उस वक्त शानदार फील्डिंग का बेहतरीन नमूना देखने को मिला, जब फिल साल्ट ने बाउंड्री पर दो हैरतअंगेज कैच लपककर मैच का रुख ही बदल दिया. उनके इन कैचों ने ना सिर्फ दर्शकों को रोमांचित किया, बल्कि हैदराबाद की टीम को बैकफुट पर ला दिया.

साल्ट ने लपका शानदार कैच

सबसे पहले बात करें हेनरिक क्लासेन के विकेट की. आरसीबी के ओर से 14 वां ओवर रोमारियो शेफर्ड डालने आए. इस ओवर की पहली गेंद पर क्लासेन ने मिड-विकेट की दिशा में बड़ा शॉट खेला. गेंद तेजी से बाउंड्री की ओर जा रही थी, तभी वहां मौजूद फिल साल्ट ने शानदार टाइमिंग के साथ कैच लपक लिया. हालांकि यह कैच आसान नहीं था, क्योंकि साल्ट बाउंड्री रोप के बिल्कुल नजदीक खड़े थे. कैच लपकते ही उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गिर पड़े, जिससे मैदान पर सस्पेंस का माहौल बन गया. स्थिति को देखते हुए मैदानी अंपायर ने ‘सॉफ्ट सिग्नल’ के साथ फैसला तीसरे अंपायर के पास भेज दिया.

रिप्ले में इस बात की बारीकी से जांच हुई कि गिरते समय कहीं साल्ट का शरीर बाउंड्री कुशन से तो नहीं टकराया. कई एंगल से देखने के बाद थर्ड अंपायर ने स्पष्ट कहा, “मुझे कुशन में कोई हलचल नजर नहीं आ रही है,” और इसके साथ ही हेनरिक क्लासेन को आउट करार दिया गया.

यह भी पढ़ें: RCB vs SRH: आईपीएल के पहले मुकाबले में भी अभिषेक शर्मा फ्लॉप, डेब्यू मैच में डफी ने बरपाया कहर

ईशान का भी लपका कैच

इस मैच में साल्ट ने क्लासेन के बाद हैदराबाद के कप्तान ईशान किशन का भी शानदार कैच पकड़ा. आरसीबी के ओर से 16 वां ओवर अभिनंदन सिंह डालने आए. शानदार लय में नजर आ रहे ईशान किशन ने अभिनंदन की गेंद पर शॉट लगाने की कोशिश की और इसी दौरान वह साल्ट को अपना कैच थमा बैठे. किशन को रोकने के लिए कुछ खास करने की जरूरत थी और साल्ट ने वही किया.

बाउंड्री की ओर तेजी से दौड़ते हुए साल्ट ने कमाल की फुर्ती दिखाई और एक हाथ से किशन का ऐसा कैच लपका, जिसे देख हर कोई हैरान रह गया. एक पल के लिए ऐसा लगा कि गेंद आसानी से बाउंड्री पार कर जाएगी, लेकिन साल्ट ने हवा में छलांग लगाकर उसे न सिर्फ रोका, बल्कि टीम को बड़ी सफलता भी दिला दी.

ज़रूर पढ़ें