वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग 11 से बाहर करने पर भड़के सुनील गावास्कर, टीम मैनेजमेंट को जमकर सुनाई खरी-खोटी
वैभव सूर्यवंशी
Vaibhav Sooryavanshi: भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवें और आखिरी टी20 मैच में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग 11 से बाहर कर दिया गया. साउथैम्प्टन में आयोजित इस मुकाबले में वैभव की जगह अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की प्लेइंग इलेवन में वापसी हुई. टीम मैनेजमेंट के इस फैसले पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर और महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने खुलकर नाराजगी जताई है.
वैभव सूर्यवंशी प्लेइंग 11 से हुए बाहर
दरअसल आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में फ्लॉप होने के बाद संजू सैमसन को प्लेइंग 11 से बाहर कर दिया गया था. उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को टीम में शामिल किया गया था. हालांकि इस मौके को वैभव अच्छी तरह से नहीं भुना पाए और लगातार तीन मुकाबलों में मौका मिलने के बावजूद वह कुछ खास कमाल नहीं कर सके. 3 मैचों में वैभव सिर्फ 42 रन ही बना सके. जिसके बाद मैनेजमेंट ने पांचवें और आखिरी टी20 मैच से उन्हें बाहर करने का फैसला किया. वैभव को बाहर करने के फैसले पर सुनील गावस्कर ने टीम मैनेजमेंट को घेरा है.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी OUT, संजू सैमसन IN, पांचवें टी20 में बदली भारत की प्लेइंग 11, इस खिलाड़ी को भी मिला मौका
सुनील गावस्कर ने जताई नाराजगी
सुनील गावस्कर का मानना है कि इस सीरीज का नतीजा पहले ही तय हो चुका है. ऐसे में इस युवा बल्लेबाज को एक और मौका दिया जाना चाहिए था. पांचवें टी20 में वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग 11 से बाहर रखने के फैसले पर गावस्कर ने कहा,’उसे टीम में न देखना बेहद निराशाजनक है.’ उनका मानना है कि व्हाइट बॉल क्रिकेट में ओपनर को जरूरत पड़ने पर मिडिल ऑर्डर में भी खिलाया जा सकता था. उसने अपनी प्रतिभा दिखाई है. अगर ये करो या मरो मुकाबला होता तो मैं किसी अनुभवी खिलाड़ी को खिलाने के फैसले से सहमत होता, लेकिन इस मैच का सीरीज के नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ना था.
टीम मैनेजमेंट से की अपील
सुनील गावस्कर ने युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की उम्र का जिक्र करते हुए टीम मैनेजमेंट से युवा खिलाड़ी को संभालने की अपील की. गावस्कर ने कहा, ‘मुझे आशा है कि कोई उसके कंधे पर हाथ रखकर उसे बताएगा कि यह अंत नहीं है. मुझे लगता है कि सिर्फ 3 मुकाबलों के बाद 15 साल के खिलाड़ी को बाहर करना थोड़ा कठोर फैसला है.’