19 नवंबर को ट्रैविस हेड ने शेयर किया ‘Happy Birthday’ पोस्ट, फिर ताजा हुए टीम इंडिया के पुराने जख्म

Travis Head: भारत के वनडे वर्ल्ड कप जीतने का सपना तोड़ने वाले ट्रैविस हेड ने अब 19 नवंबर की यादें ताजा की हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक ऐसी पोस्ट शेयर की है, जिसने भारतीय फैंस को एक बार फिर उस दर्दनाक हार की याद दिला दी है.
TRAVIS HEAD

ट्रैविस हेड

Travis Head: भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए 19 नवंबर की तारीख आज भी किसी बुरे सपने से कम नहीं है. इसी दिन करीब 3 साल पहले 2023 में भारत को वनडे वर्ल्ड के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था. भारत के वनडे वर्ल्ड कप जीतने का सपना तोड़ने वाले ट्रैविस हेड ने अब 19 नवंबर की यादें ताजा की हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक ऐसी पोस्ट शेयर की है, जिसने भारतीय फैंस को एक बार फिर उस दर्दनाक हार की याद दिला दी है.

दरअसल, ट्रैविस हेड ने 19 नवंबर 2026 को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वनडे वर्ल्ड 2023 जीत के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम की कुछ तस्वीरें शेयर कीं. इन तस्वीरों के साथ उन्होंने ‘ Happy Birthday’ का कैप्शन लिखा. हेड का ये पोस्ट ऐसे दिन आया है, जब भारतीय फैंस तीन साल पहले मिली उस हार को याद कर थे.

भारत की हार का कारण बने थे ट्रैविस हेड

19 नवंबर 2023 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल खेला गया था. रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने फाइनल से पहले इस टूर्नामेंट में लगातार 10 मुकाबले जीते थे. ऐसे में भारतीय फैंस को उम्मीद थी की टीम इंडिया करीब 12 साल बाद वनडे वर्ल्ड कप का सूखा खत्म करेगा.

फाइनल में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 240 रन बनाए. भारत की ओर से केएल राहुल ने सबसे ज्यादा 66 रन बनाए थे. जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया टीम ने 43 ओवर में ही 4 विकेट खोकर 241 रन बना दिए और 6 विकेट से मैच जीतकर वनडे वर्ल्ड का खिताब अपने नाम कर लिया. भारत की इस हार का सबसे बड़ा कारण ट्रैविस हेड बने, जिन्होंने फाइनल में 137 रनों की पारी खेलकर भारत के वर्ल्ड कप जीतने का सपना चकनाचूर कर दिया.

ऑस्ट्रेलिया ने छठी बार जीता खिताब

खिताबी मुकाबले में ट्रैविस हेड ने 120 गेंदों में 137 रनों की तूफ़ानी पारी खेलकर भारत को सबसे बड़ा जख्म दिया. हेड ने अपनी इस शतकीय पारी में 15 चौके और 4 छक्के जड़े. उनके इस तूफान के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने छठी बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया. फाइनल में शतकीय पारी खेलने के लिए हेड को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. जबकि टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए विराट कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था. फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से मिली उस हार का गम भारतीय फैंस आज तक नहीं भुला पाए हैं.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें