दबाव में और खतरनाक हो जाते हैं वैभव सूर्यवंशी! बने नॉकआउट मुकाबलों के किंग, आंकड़े दे रहे गवाही
वैभव सूर्यवंशी
Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी लगातार अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से हर किसी को प्रभावित कर रहे हैं. महज 15 साल की उम्र में उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी कर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं. आईपीएल 2025 में इस युवा बल्लेबाज ने कदम रखते ही खूब सुर्खियां बटोरी थी. अब साल 2026 में उन्होंने हर बड़े मैच में धमाकेदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. नॉकआउट मुकाबलों में वैभव का बल्ला खूब गरजा है. ऐसे में उन्हें नॉकआउट मैचों का बादशाह माना जा रहा है.
फाइनल में खूब गरजता है वैभव का बल्ला
आईपीएल 2026 में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 776 रन बनाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था. इसके अलावा इस साल की शुरुआत में उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर खूब सुर्खियां बटोरी थी. वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में वैभव ने शानदार अर्धशकीय पारी खेली थी.
वहीं, फाइनल मैच में उन्होंने 175 रन की तूफानी पारी खेलकर अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया था. अब ट्राई नेशन ए सीरीज में इंडिया ए के लिए खेलते हुए श्रीलंका ए के खिलाफ फाइनल मुकाबले में भी वैभव का बल्ला खूब बोला है. इस मैच में उन्होंने 94 रन की विस्फोटक पारी खेली. जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.
यह भी पढ़ें: IND A vs SL A Final: 10 चौके, 8 छक्के… 29 गेंदों में 94 रन, वैभव सूर्यवंशी ने रच दिया इतिहास
इस साल नॉकआउट मैचों के किंग बने वैभव
साल 2026 के शुरुआत से ही युवा स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला खूब गरजा है. इस साल सभी फॉर्मैट और सभी टूर्नामेंट में उन्होंने अब तक कुल 5 नॉकआउट मैच खेले हैं. इन पांचों नॉकआउट मुकाबलों में उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी की है. खास बात यह है कि इन सभी मैचों में उन्होंने 50+ रन बनाए हैं. जबकि तीन मैचों में वे शतक के करीब भी पहुंचे हैं और एक मैच में उन्होंने शानदार शतक भी जड़ा है. ऐसे में इस साल वैभव ने 5 नॉकआउट मैचों में 218 गेंदों का सामना करते हुए 530 रन बनाए हैं. इन आकड़ों को देखकर वैभव को नॉकआउट मुकबलों का मास्टर कहना बिल्कुल भी गलत नहीं होगा.
11 गेंदों में जड़ी फिफ्टी
ट्राई नेशन ए सीरीज के फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका ए के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 94 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे. इस दौरान वैभव ने महज 11 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इस फिफ्टी के साथ वह लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं.