IND vs IRE: वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू का काउंटडाउन शुरू, क्या 4 दिन बाद तोड़ेंगे सचिन का रिकॉर्ड?
वैभव सूर्यवंशी और सचिन तेंदुलकर
Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट की युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी जल्द ही इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले हैं. महज 15 वर्ष की आयु में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरने वाले वैभव को आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया है. ऐसे में माना जा रहा है कि 26 जून को वो बेलफास्ट में होने वाली टी20 सीरीज से टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर सकते हैं. अगर ऐसा होता है तो वे भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ देंगे.
डेब्यू करते ही इतिहास रचेंगे वैभव सूर्यवंशी
अगर 26 जून को आयरलैंड के खिलाफ होने वाले पहले टी20 मैच में वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में मौका मिलता है, तो यह दिन हमेशा के लिए उनके नाम दर्ज हो जाएगा. उस दिन वैभव की उम्र सिर्फ 15 साल और 91 दिन की होगी. अगर उस मैच में वह मैदान पर उतरते हैं तो वह इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे.
यह भी पढ़ें: ‘लोगों को नहीं पता…’,फाइनल में तूफानी पारी का वैभव सूर्यवंशी ने खोला राज, आलोचकों को दिया करारा जवाब
तोड़ेंगे सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड
आयरलैंड के खिलाफ टीम इंडिया के लिए डेब्यू करते हुए वैभव सूर्यवंशी महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के 37 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ देंगे. साल 1989 में सचिन ने पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल 205 दिन की उम्र में भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. अब वैभव के पास उसी रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका है. हालांकि दुनिया में सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले क्रिकेटर रोमानिया के मारियन घेरासिम हैं, जिन्होंने 2020 में बुल्गारिया के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था. उन्होंने महज 14 साल 16 दिन की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू किया था.
इंडिया ए के लिए तूफानी पारी
श्रीलंका की सरजमीं पर खेली गई ट्राई नेशन ए सीरीज के फाइनल मुकाबले में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने विस्फोटक बल्लेबाजी की और श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली. खिताबी मुकाबले में वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे. इस दौरान उन्होंने महज 11 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया.