29 गेंद पर 57 रन…कौन हैं सूर्यांश शेडगे, जिन्होंने 196 के स्ट्राइक रेट से कूटे रन, संभाली पंजाब की डूबती पारी
सूर्यांश शेडगे
Suryansh Shedge: आईपीएल 2026 में आए दिन एक नया सितारा चमक रहा है, और इस बार सुर्खियों में हैं पंजाब किंग्स के युवा बल्लेबाज सूर्यांश शेडगे. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच के दौरान इस युवा बल्लेबाज ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी की और शानदार अर्धशतक जड़ते हुए अपनी टीम को मुश्किल हालातों से निकाला.
कौन हैं सूर्यांश शेडगे
आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के लिए खेल रहे सूर्यांश शेडगे का जन्म 29 जनवरी 2003 को मुंबई में हुआ. सूर्यांश भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारों में वह नाम हैं, जिनका नाम टी20 क्रिकेट के भरोसेमंद फिनिशर के रूप में लिया जाने लगा है. 23 वर्षीय इस युवा बल्लेबाज ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024-25 में 251.92 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर अपनी पहचान बनाई है.
यह भी पढ़ें: SRH vs KKR: हैदराबाद के खिलाफ सुपरमैन बने रोवमैन पावेल, लपका क्लासेन का हैरतअंगेज कैच, VIDEO
पंजाब के लिए जड़ा अर्धशतक
अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 23 वर्षीय सूर्यांश शेडगे छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए. शेडगे जब बल्लेबाजी करने उतरे तब पंजाब ने सिर्फ 47 रन पर अपने 5 विकेट खो दिए थे. इसके बाद शेडगे ने मोर्चा संभाला और 29 गेंदों में 57 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली. उनकी इस पारी में 3 चौके और 5 छक्के शामिल थे. यह उनके आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक है.शेडगे ने मुश्किल वक्त में मार्कस स्टोइनिस के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 44 गेंदों में 79 रन की अहम साझेदारी निभाई. शेडगे की इस शानदार बल्लेबाज के दम पर पंजाब ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 163 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाया.
A new star for Punjab 🌟
— ESPNcricinfo (@ESPNcricinfo) May 3, 2026
23-year-old Suryansh Shedge scores his first IPL 50, and most importantly plays a knock that gets them out of trouble from 47-5 👏 pic.twitter.com/QRBKg17Hgx
सूर्यांश शेडगे क्रिकेट करियर
दाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स के लिए डेब्यू किया था. 25 मार्च 2025 को उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपना पहला आईपीएल मैच खेला था. आईपीएल में इस युवा ऑलराउंडर ने अब तक कुल 7 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 67 रन बनाए हैं.
घरेलू क्रिकेट में इस युवा खिलाड़ी की असली पहचान 2022 की बीसीसीआई अंडर-25 स्टेट ए ट्रॉफी से बनी, जहां उन्होंने 8 मैचों में 184 रन और 12 विकेट लेकर शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किआ था.