भारत के आक्रामक जश्न का यशवीर गोंड़ ने खोला राज, बोले- दिवाली पर पाकिस्तानियों ने दी थी गाली

Yashveer Gond: फाइनल में जीत हासिल करने के बाद यशवीर ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के सामने अग्रेसन दिखाते हुए आक्रामक जश्न मनाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. अब यशवीर ने अपने सेलिब्रेशन के पीछे का राज खोला है.
Yashveer Gond

यशवीर गोंड़

Yashveer Gond: भारत ने हाल ही में एसीसी मेंस अंडर 19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान को 1 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया. टीम इंडिया की इस जीत से ज्यादा उनके खिलाड़ी यशवीर गोंड़ का एक जोशीला सेलिब्रेशन चर्चा में रहा. फाइनल में जीत हासिल करने के बाद यशवीर ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के सामने अग्रेसन दिखाते हुए आक्रामक जश्न मनाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. अब यशवीर ने अपने सेलिब्रेशन के पीछे का राज खोला है. उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले में मिली जीत उनके लिए इतनी खास क्यों थीं.

पाकिस्तान ने दी थी गाली

दरअसल, दिवाली वाले दिन यानी 8 नवंबर को ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारत को पाकिस्तान के हाथों 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तीखी नोंक-झोंक देखने को मिली. इस दौरान कहासुनी और अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया गया. अंडर 19 एशिया कप 2026 का खिताब जीतने के बाद यशवीर गोंड़ ने स्पोर्ट्स टुडे से बातचीत में बताया कि दिवाली पर हम मैच हार गए थे. इस दौरान हमारे बीच कहासुनी हुई थी, जिसमें गाली भी शामिल थी.

खिलाड़ियों के जश्न पर क्या बोले यशवीर

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए यशवीर ने कहा कि वह मैच हारने के बाद हम कुछ नहीं कह सके. बस हम फाइनल का इंतजार कर रहे थे. हम अच्छा प्रदर्शन कर बस उन्हें दिखाना चाहते थे कि भारत क्या कर सकता है. फाइनल जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों के जश्न पर भी यशवीर ने अपनी बात रखी. उनके मुताबिक भारतीय खिलाड़ी उसी तरह प्रतिक्रिया दे रहे थे, जैसा उन्होंने पहले पाकिस्तानी खिलाड़ियों को करते देखा था.

कुछ ऐसा रहा मैच का हाल

भारत और पाकिस्तान के बीच 14 नवंबर को खेले गए अंडर 19 एशिया कप 2026 के फाइनल मैच की बात करें, तो यह मैच टीम इंडिया ने 1 विकेट से अपने नाम किया. पाकिस्तान द्वारा दिए गए 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 252 रनों के स्कोर पर 8 विकेट खो दिए थे. ऐसे मुश्किल समय में मनल चौहान और मोहित उल्वा की जोड़ी ने नौवें विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी कर भारत को हारी हुई बाजी जिताई.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें