Amazon का नया प्लान, अब एक ही जगह मिलेगी हर प्रोडक्ट की जानकारी, दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने की जरूरत होगी कम
अमेज़न
Amazon World Product Graph: ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान किसी प्रोडक्ट को खरीदने से पहले उसकी पप्राइस, क्वालिटी और रिव्यू की जानकारी जुटाने में काफी समय लग जाता है. कई बार ग्राहक एक ही सामान के बारे में जानने के लिए अलग-अलग वेबसाइटों पर भी जाते हैं. अब Amazon इस परेशानी को कम करने की तैयारी कर रहा है. कंपन एक ऐसा सिस्टम बना रही है, जिसकी मदद से ग्राहकों को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध प्रोडक्ट की जानकारी एक ही जगह मिल सकेगी.
क्या है Amazon का World Product Graph?
- रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, Amazon इस नए सिस्टम पर काम कर रहा है, जिसका नाम World Product Graph रखा गया है.
- इसके जरिए इंटरनेट पर मौजूद अलग-अलग प्रोडक्ट की जानकारी एक प्लेटफॉर्म पर इकट्ठा की जाएगी.
- इसमें ब्रांड की ऑफिशियल वेबसाइटों, ऑनलाइन रिटेलर्स और दूसरे शॉपिंग प्लेटफॉर्म की जानकारी शामिल होगी.
- इसकी खास बात यह है कि ग्राहकों को उन प्रोडक्ट की जानकारी भी मिल सकेगी, जो Amazon पर उपलब्ध नहीं हैं.
AI शॉपिंग असिस्टेंट Rufus होगा और बेहतर
World Product Graph का फायदा Amazon के AI शॉपिंग असिस्टेंट Rufus को भी मिल सकता है. कंपनी इसे Alexa for Shopping के नाम से भी लॉन्च कर रही है. इसकी मदद से ग्राहक सवाल पूछकर अपनी जरूरत के अनुसार प्रोडक्ट खोज सकते हैं. हालांकि, Amazon के एक इंटरनल डॉक्युमेंट्स में Rufus के जवाबों की सटीकता को लेकर सवाल उठाए गए हैं. इसमें बताया गया है कि कई बार यह AI असिस्टेंट अधूरी या गलत जानकारी दे सकता है.
दूसरे AI शॉपिंग टूल से बढ़ रही चुनौती
आज कई AI टूल ग्राहकों को प्रोडक्ट खोजने, उनकी कीमतों की तुलना करने और खरीदारी का फैसला लेने में मदद कर रहे हैं. ऐसे में Amazon को डर है कि ग्राहक सीधे उसकी वेबसाइट पर आने के बजाय दूसरे AI एजेंट के जरिए खरीदारी कर सकते हैं. इसी वजह से कंपनी ने कुछ बाहरी AI एजेंट की अपने प्लेटफॉर्म तक पहुंच सीमित की है.
कब लॉन्च होगा World Product Graph?
Amazon ने अभी तक इस प्रोजेक्ट की आधिकारिक लॉन्च डेट घोषित नहीं की है. हालांकि, रिपोर्ट में सामने आए कंपनी के इंटरनल दस्तावेज में 1 अक्टूबर 2027 की संभावित तारीख का जिक्र किया गया है. फिलहाल इसे अंतिम तारीख नहीं माना जा सकता.



