सरकारी ऑफिस जाने की झंझट खत्म! घर बैठे WhatsApp पर बनाएं आयुष्मान कार्ड, जानें नंबर और पूरा तरीका
घर बैठे बनाएं आयुष्मान कार्ड
Ayushman Card WhatsApp Number: पहले के समय में आम लोगों के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाना काफी मुश्किल काम था, क्योंकि इसके लिए उन्हें सरकारी ऑफिस के चक्कर काटने पड़ते थे. लेकिन अब सरकार की एक नई सुविधा के कारण यह काम बहुत आसान हो गया है, जिसके लिए न तो किसी सरकारी ऑफिस जाने की जरूरत है और न ही किसी हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने की. सरकार ने इसके लिए ‘आयुष्मान सारथी’ नाम का एक खास WhatsApp चैटबॉट शुरू किया है, जिसकी मदद से लोग घर बैठे दिन-रात (24 घंटे) कभी भी ‘आयुष्मान भारत योजना’ की जरूरी सेवाओं का फायदा ले सकते हैं.
इस नए चैटबॉट को नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (NHA) ने तैयार किया है, जो सीधे आयुष्मान योजना के डिजिटल सिस्टम से जुड़ा हुआ है. इसे इस तरह बनाया गया है कि कोई भी व्यक्ति WhatsApp का इस्तेमाल करके बिना किसी सुरक्षा खतरे के बिल्कुल सही समय पर आयुष्मान भारत (PM-JAY) से जुड़ी सभी जरूरी सेवाओं और जानकारियों को तुरंत अपने मोबाइल पर देख सके.
WhatsApp पर कैसे और क्या-क्या होगा काम
‘आयुष्मान सारथी’ WhatsApp चैटबॉट की मदद से आप घर बैठे आयुष्मान योजना के सभी काम चुटकियों में कर सकते हैं. इसके जरिए नया कार्ड बनाने, डाउनलोड करने, eKYC करने, आधार लिंक करने और 70 साल से बड़े बुजुर्गों के लिए ‘आयुष्मान वयो वंदना कार्ड’ बनवाने जैसी सुविधाएं सीधे आपके मोबाइल पर उपलब्ध हैं. सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों की सरकारी ऑफिसों और कॉल सेंटर पर निर्भरता को खत्म करना है ताकि पूरा काम पूरी पारदर्शिता के साथ तुरंत हो सके. साथ ही इस चैटबॉट से मरीज पुराना इलाज रिकॉर्ड देख सकते हैं, आस-पास के अस्पताल ढूंढ सकते हैं और सीधे फीडबैक देकर अपनी शिकायतों का तुरंत निपटारा करवा सकते हैं.
कैसे बनाएं WhatsApp पर आयुष्मान कार्ड?
- अपने मोबाइल में आयुष्मान चैटबॉट का नंबर +91 72908 23838 सेव कर लें.
- नंबर सेव करने के बाद इस पर WhatsApp खोलकर ‘Hi’ लिखकर मैसेज भेजें.
- इसके बाद चैटबॉट आपको कुछ ऑप्शन भेजेगा, जिनमें से आपको ‘Create Ayushman Card’ का विकल्प चुनना है.
- फिर आपको अपना मोबाइल नंबर और आधार कार्ड जैसी जरूरी जानकारियां वहां टाइप करनी होंगी.
- आपके फोन पर एक OTP आएगा, उसे डालकर अपनी eKYC की प्रक्रिया पूरी करें.
- यह सब करते ही आपका आयुष्मान कार्ड बनकर तैयार हो जाएगा और आप उसे वहीं से तुरंत डाउनलोड कर सकेंगे.