Bharat Taxi: भारत टैक्सी से कैसे जोड़ें अपनी कार? जानिए एक महीने में कितनी हो सकती है कमाई
भारत टैक्सी
Bharat Taxi: ओला और उबर जैसे प्लेटफॉर्म्स पर ड्राइवरों को भारी कमीशन देना पड़ता है, जिससे उनकी कमाई कम हो जाती है. इस समस्या को खत्म करने के लिए भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय ने देश का पहला सहकारी राइड-हेलिंग ऐप ‘भारत टैक्सी’ लॉन्च किया है. 5 जनवरी को अमित शाह द्वारा लॉन्च किया गया यह ऐप अब दिल्ली-एनसीआर के बाद पूरे देश में उपलब्ध है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें ड्राइवरों से कोई भारी कमीशन नहीं लिया जाता, जिससे उनकी बचत बढ़ती है. ऐसे में आइए जानते हैं कि आप अपनी गाड़ी ‘भारत टैक्सी’ के साथ कैसे जोड़ सकते हैं और हर महीने इससे कितने पैसे कमा सकते हैं.
भारत टैक्सी में अपनी गाड़ी कैसे लगा सकते हैं?
- सबसे पहले अपने फोन के प्ले स्टोर या एप्पल स्टोर से ‘Bharat Taxi Driver App’ इंस्टॉल करें.
- फिर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें और प्राप्त OTP के जरिए लॉगिन करें.
- ऐप में अपना नाम, ईमेल और गाड़ी की डिटेल्स के साथ ड्राइविंग लाइसेंस व RC की फोटो अपलोड करें.
- इसके बाद सुरक्षा जांच के लिए DigiLocker और पुलिस वेरिफिकेशन के माध्यम से आपके दस्तावेजों की पुष्टि की जाएगी.
- प्रोफाइल अप्रूव होते ही आप ऐप पर अपनी पहली राइड लेने के लिए तैयार हैं.
भारत टैक्सी क्या है?
भारत टैक्सी का संचालन ‘सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड’ द्वारा किया जाता है, जो मल्टी स्टेट कोऑपरेटिव सोसाइटी एक्ट 2002 के अंतर्गत रजिस्टर्ड है. इस पहल का मुख्य उद्देश्य न केवल रोजगार को बढ़ाना है, बल्कि चालकों को आर्थिक और सामाजिक मजबूती प्रदान करते हुए उन्हें महज कर्मचारी के बजाय व्यवसाय में मालिकाना हक दिलाना है. इस ऐप में ड्राइवरों को ‘सारथी’ भी कहा जाता है.
ये भी पढ़ें-इस शहर में शुरू हुआ बैरियर-फ्री टोल बूथ, बिना रुके अपने-आप कटेगा टोल, जानिए कैसे करता है काम
एक महीने में कितनी कमाई हो सकती है?
भारत टैक्सी के साथ जुड़कर यदि आप रोजाना लगभग 10,000 रुपये कमाते हैं, तो आपकी हर महीने की कमाई 3,00,000 तक पहुंच जाती है. इस कुल राशि का 80 प्रतिशत हिस्सा यानी 2.4 लाख सीधे आपके बैंक खाते में जमा किया जाता है, जो आपकी तत्काल जरूरतों को पूरा करता है. बाकी की बची हुई 20 प्रतिशत राशि ऐप के संचालन और कोऑपरेटिव फंड में निवेश की जाती है, जिसका सीधा लाभ भविष्य में ड्राइवर को ही मिलता है. इस व्यवस्था के माध्यम से आपको न केवल नकद आय होती है, बल्कि रिटायरमेंट फंड और सुरक्षा बीमा जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं भी मिलती हैं, जो आपके कल को सुरक्षित बनाती हैं.