90 Percent PF Withdrawal Allowed: कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) में पैसा जमा करने वाले कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने पीएफ निकासी से जुड़े नियमों में बदलाव को मंजूरी दी है. नए फैसले के अनुसार, अब कर्मचारियों को अपने पीएफ खाते में कम से कम 25 प्रतिशत राशि रखने की जरूरत नहीं होगी. यह सीमा घटाकर 10 प्रतिशत कर दी गई है. यानी कर्मचारी जरूरत पड़नी पर अपने पीएफ बैलेंस का 90 प्रतिशत तक हिस्सा निकाल सकेंगे. इसकी अलावा रिटायरमेंट के बाद भी पीएफ की पूरी रकम एक साथ निकालने के बजाय किस्तों में निकालने की सुविधा मिलेगी.
अब खाते में रखने होंगे सिर्फ 10 प्रतिशत पैसे
नए नियम के अनुसार, पीएफ खाताधारकों को अपने कुल बैलेंस का केवल 10 प्रतिशत हिस्सा खाते में बनाए रखना होगा. बाकी 90 प्रतिशत रकम जरूरत के अनुसार निकाली जा सकेगी. उदाहरण के तौर पर, अगर किसी कर्मचारी के पीएफ खाते में 10 लाख रुपये जम हैं, तो उसे सिर्फ 1 लाख रुपये खाते में रखने होंगे. वहीं, बाकी 9 लाख रुपये निकालने की सुविधा मिलेगी.
इससे कर्मचारियों को इलाज, पढ़ाई, शादी और दूसरी जरूरी जरूरतों के लिए पैसों का इंतजाम करने में आसानी होगी. हालांकि, निकासी के लिए EPFO के निर्धारित नियम और शर्तें लागू रहेंगी.
रिटायरमेंट के बाद किस्तों में निकाल सकेंगे पैसा
EPFO ने रिटायरमेंट के बाद पीएफ की रकम निकालने के तरीके में भी बदलाव को मंजूरी दी है. इसके तहत सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) की सुविधा शुरू करने का फैसला किया गया है. इस सुविधा के जरिए कर्मचारी रिटायरमेंट के बाद अपनी पूरी जमा रकम एक साथ निकालने के बजाय धीरे-धीरे किस्तों में प्राप्त कर सकेंगी. इससे खाते में बची हुई रकम पर ब्याज मिलता रहेगा और कर्मचारियों को नियमित अंतराल पर पैसे मिलते रहेंगे. इस तरह रिटायरमेंट के बाद आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी.
