Instant PF Cash Via ATM UPI: अगर आपका भी कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO में खाता है, तो यह खबर आपके बड़े काम की हो सकती है. EPFO ग्राहक कई दिनों से इस इंतजार में हैं कि आखिर कब से वे अपने PF खाते में जमा राशि को ATM के जरिए निकाल सकेंगे. अब इससे जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन EPFO 3.0 के तहत दिसंबर के अंत तक UPI के जरिए PF निकासी की सुविधा शुरू हो सकती है.
इसके लिए EPFO ने टेस्टिंग भी शुरू कर दी है. इस नई सुविधा के शुरू होने के बाद EPFO खाताधारकों को PF का पैसा क्लेम करने के लिए हफ्तों का इंतजार नहीं करनी होगा, बल्कि वे अपने ATM कार्ड के जरिए PF का पैसा निकाल सकेंगे.
कितना पैसा निकाल सकेंगे?
UPI से पैसा निकालने की यह सुविधा EPFO के बड़े टेक्नोलॉजी अपग्रेड EPFO 3.0 का हिस्सा है. पहले माना जा रहा था कि इसे फरवरी 2027 में लॉन्च किया जाएगा, जब सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज की अगली बैठक होगी. लेकिन अब नई रिपोर्ट में इसके दिसंबर तक आने की बात कही जा रही है. EPFO 3.0 के तहत यह सुविधा तभी मिलेगी, जब आपका वेरिफाइड बैंक अकाउंट EPFO अकाउंट से जुड़ा होगा. यह सुविधा आपके यूनिवर्सल अकाउंट नंबर यानी UAN और UPI अकाउंट से जुड़ी होगी.
खबरों के अनुसार, पहले सब्सक्राइबर्स को अपने EPF फंड का 75 प्रतिशत हिस्सा निकालने की अनुमति मिलने की बात थी. लेकिन 19 नवंबर को हुई बोर्ड मीटिंग में EPFO ने PF अकाउंट में अनिवार्य न्यूनतम बैलेंस की शर्त को 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही आंशिक निकासी की सीमा भी बैलेंस के 75 प्रतिशत से बढ़कर 90 प्रतिशत तक हो सकती है. हालांकि, इस पर अभी ऑफिशियल तौर पर कुछ नहीं कहा गया है.
13 की जगह अब सिर्फ 3 कैटेगरी
EPFO ने आंशिक निकासी से जुड़े 13 पुराने नियमों को मिलाकर तीन मुख्य कैटेगरी में बांट दिया है.जरूरी जरूरतें, जैसे बीमारी, शिक्षा और शादी.आवास संबंधी जरूरतें, जैसे घर खरीदना, बनाना या होम लोन चुकाना. विशेष परिस्थितियां जैसे बेरोजगारी या दूसरे इमरजेंसी स्थिति.
अभी से कर लें ये तैयारी
- इस नई सुविधा का लाभ उठाने के लिए सब्सक्राइबर्स अपना UAN एक्टिव रखें.
- आधार और पैन की KYC पूरी रखें और यह भी सुनिश्चित करें कि आपका बैंक अकाउंट EPFO पोर्टल पर सही IFSC कोड के साथ वेरिफाइड हो.
