ICICI लाइफ ने लॉन्च किया बीएसई 500 मोमेंटम क्वालिटी 50 इंडेक्स फंड, 7 साल में 24 % का Return
ICICI बैंक का चार्ज बढ़ेगा
मुंबई. आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस ने नया इक्विटी निवेश विकल्प आईसीआईसीआई लाइफ बीएसई 500 मोमेंटम क्वालिटी 50 इंडेक्स फंड लॉन्च किया है. यह फंड कंपनी की ज्यादातर यूनिट लिंक्ड इंश्योरेंस योजनाओं (यूलिप) के साथ उपलब्ध होगा. इसके जरिए निवेशकों को मजबूत वित्तीय स्थिति और शेयर बाजार में लगातार बेहतर प्रदर्शन करने वाली कंपनियों में निवेश का अवसर मिलेगा.
इस इंडेक्स फंड में बीएसई 500 की सूची में शामिल 50 चुनिंदा कंपनियों के शेयरों में निवेश किया जाएगा. कंपनियों का चयन दो प्रमुख मानकों मोमेंटम और क्वालिटी के आधार पर होगा. इसमें रिटर्न ऑन इक्विटी, डेट टू इक्विटी और प्रति शेयर आय (ईपीएस) जैसे वित्तीय मानकों के साथ पिछले 12 महीनों में शेयर की कीमतों में आई बढ़ोतरी को भी ध्यान में रखा जाएगा.
कंपनी के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर मनीष कुमार के अनुसार, यह फंड मजबूत कारोबारी मॉडल, बेहतर कमाई की संभावनाओं और सकारात्मक शेयर मूल्य रुझान वाली कंपनियों में निवेश का अवसर प्रदान करेगा. इसका उद्देश्य निवेशकों को लंबी अवधि में संपत्ति बनाने और कंपाउंडिंग का लाभ उठाने का विकल्प देना है.
7 साल में करीब 24 प्रतिशत रिटर्न
कंपनी के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक बीएसई 500 मोमेंटम क्वालिटी 50 इंडेक्स ने सात साल की अवधि में 23.7 प्रतिशत का रिटर्न दिया है. इस प्रदर्शन के आधार पर सात साल पहले निवेश किए गए एक लाख रुपए का मूल्य बढ़कर करीब 4.4 लाख रुपए हो गया होता. हालांकि, यह इंडेक्स का पिछला प्रदर्शन है और भविष्य के रिटर्न की गारंटी नहीं है.
बाजार की परिस्थितियों और कंपनियों के वित्तीय प्रदर्शन में बदलाव के अनुसार फंड के पोर्टफोलियो का हर तिमाही में पुनर्संतुलन किया जाएगा. कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में 99.3 प्रतिशत का क्लेम सेटलमेंट रेशियो दर्ज करने की भी जानकारी दी है. इस दौरान बिना जांच वाले दावों के निपटारे में औसतन 1.1 दिन का समय लगा.


