Jio यूजर्स के लिए बड़ी खबर, रिचार्ज खत्म होने पर बंद हो सकती है इनकमिंग कॉल, कंपनी ने भेजा अलर्ट
जिओ
Recharge Expiry Warning: Jio यूजर्स के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. अब तक रिचार्ज प्लान खत्म होने के बाद भी कई दिनों तक इनकमिंग कॉल और SMS की सुविधा मिलती रहती थी. लेकिन अब यह सुविधा बंद हो सकती है. दरअसल, Reliance Jio कुछ यूजर्स को SMS भेजकर रिचार्ज कराने की सलाह दे रहा है. इस मैसेज में चेतावनी दी गया है कि रिचार्ज नहीं कराने पर इनकमिंग कॉल बंद हो सकती हैं. इससे उन लोगों की चिंता बढ़ गई है, जो बिना रिचार्ज के सिर्फ इनकमिंग कॉल के लिए SIM इस्तेमाल करते हैं.
Jio यूजर्स को मिला नया SMS अलर्ट
सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी के अनुसार, कुछ यूजर्स को प्लान की वैलिडिटी खत्म होने के बाद Jio की तरफ से अलर्ट मैसेज मिला है. इसमें बताया गया है कि उनका रिचार्ज समाप्त हो चुका है और जल्द ही इनकमिंग कॉल की सुविधा बंद हो सकती है. ऐसे में नंबर चालू रखने के लिए दोबारा रिचार्ज कराने की सलाह दी गई है. बताया जा रहा है कि यह मैसेज JB-JIOURG-S सेंडर आईडी से भेजा गया है. हालांकि, कंपनी ने कॉल बंद करने की कोई फिक्स डेट नहीं बताई है.
Jio ने नहीं दी पॉलिसी में बदलाव की जानकारी
इस मामले में Jio की तरफ से अभी तक कोई ऑफिशियल बयान नहीं आया है. आमतौर पर प्लान खत्म होने पर आउटगोइंग कॉल और SMS बंद हो जाते हैं, जबकि इनकमिंग कॉल कुछ समय तक जारी रहती हैं. वहीं TRAI के नियमों के अनुसार, 90 दिनों तक इस्तेमाल नहीं होने वाले प्रीपेड नंबर को बंद किया जा सकता है.
SIM बंद होने पर क्या हैं नियम?
- Jio की शर्तों के अनुसार, अकाउंट में 20 रुपये से कम बैलेंस होने पर सेवाएं बंद हो सकती हैं.
- इसके बाद नंबर दोबारा चालू कराने के लिए 15 दिन का समय मिलता है.
- वहीं 20 रुपये से ज्यादा बैलेंस होने पर कंपनी की Automatic Number Retention Scheme लागू हो सकती है.
- इसमें 20 रुपये काटकर अगले 30 दिनों तक सेवाएं जारी रखी जा सकती हैं.
सेकेंडरी SIM रखने वाले क्या करें?
- जो लोग Jio SIM का इस्तेमाल बैंक OTP, UPI और इनकमिंग कॉल के लिए करते हैं, उन्हें समय पर रिचार्ज कराना चाहिए.
- ऐसे यूजर्स वॉयस-ओनली प्लान भी चुन सकते हैं.
- फिलहाल नए अलर्ट को लेकर कंपनी ने कोई भी ऑफिशियल जानकारी नहीं दी है.



