Instagram Reels जैसा मजा अब Netflix पर भी, ऐप के नए अपडेट में क्या-क्या बदलाव? यहां जानें
Netflix लाया नया फीचर
Netflix Mobile App Update: नेटफ्लिक्स अपने मोबाइल ऐप को नया रूप दे रहा है. कंपनी ने ऐप के डिजाइन में बदलाव के साथ कुछ नए फीचर्स भी जोड़े हैं, ताकि फोन पर फिल्में और शो देखना और भी आसान हो जाए. यह नया अपडेट भारत में मिलना शुरू हो गया है और जल्द ही पूरी दुनिया के यूजर्स इसे इस्तेमाल कर पाएंगे.
नेटफ्लिक्स में ऐड हुआ Clips सेक्शन
नेटफ्लिक्स के इस अपडेट की सबसे खास बात नया Clips सेक्शन है. इसमें आपको फिल्मों और सीरीज के छोटे-छोटे वर्टिकल वीडियो जैसे रील्स या शॉर्ट्स देखने को मिलेंगे. इसकी मदद से आप जल्दी से यह अंदाजा लगा सकते हैं कि कोई शो कैसा है और फिर आसानी से फैसला कर सकते हैं कि आपको उसे पूरा देखना है या नहीं.
इंस्टाग्राम रील्स की तरह फीचर
यह नया फीचर काफी हद तक इंस्टाग्राम रील्स या यूट्यूब शॉर्ट्स की तरह ही है. इसमें आपको वही वीडियो क्लिप्स दिखाए जाएंगे जो आपकी पसंद के हों. अगर आपको कोई क्लिप अच्छी लगती है, तो आप उसे तुरंत अपनी “My List” में सेव कर सकते हैं या फिर वहीं से सीधे पूरी फिल्म या शो देखना शुरू कर सकते हैं.
शेयर करने का ऑप्शन मिलेगा
इसके साथ ही इस फीचर में शेयर करने का ऑप्शन भी मिलता है. अब आप अपनी पसंद की छोटी क्लिप्स को सीधे व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर भेज सकते हैं या उन्हें अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी लगा सकते हैं. इससे अपनी पसंदीदा फिल्मों और शो के बारे में दोस्तों को बताना और भी आसान हो गया है.
ऐप के लुक में हुआ बदलाव
ऐप के लुक में बदलाव करते हुए अब नीचे की तरफ ‘Clips’ का एक नया बटन जोड़ दिया गया है. साथ ही स्क्रीन के ऊपरी हिस्से को भी नया रूप मिला है, जहां Shows और Movies जैसे ऑप्शन अब साफ़-साफ़ और आकर्षक तरीके से दिखाई देते हैं. कंपनी का कहना है कि यह नया स्टाइल मोबाइल पर ऐप चलाने के अनुभव को और भी बेहतर और आसान बना देता है.