UPI QR कोड और साउंडबॉक्स लगाने पर मिलेंगे 750 रुपए
दिल्ली. देश में डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने और छोटे दुकानदारों को यूपीआई से जोड़ने के लिए नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) ने नई पहल की है. एनपीसीआई ने छोटे व्यापारियों के लिए यूपीआई व्यापार सक्षम योजना पेश की है. इस योजना के तहत दुकानदारों को अपनी दुकान पर यूपीआई क्यूआर कोड और पेमेंट अलर्ट के लिए साउंडबॉक्स लगवाने पर 300 रुपए से लेकर 750 रुपए तक का इंसेंटिव मिल सकता है.
इसका मकसद गांवों, छोटे शहरों और दूरदराज के इलाकों में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देना है. एनपीसीआई की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक, किसी नए दुकानदार की दुकान पर पहली बार यूपीआई क्यूआर कोड लगाने पर 300 रुपए का इंसेंटिव दिया जाएगा. वहीं, अगर व्यापारी पेमेंट मिलने की जानकारी के लिए साउंडबॉक्स लगवाता है, तो उसे 750 रुपए का इंसेंटिव मिलेगा. इसके अलावा, 2,000 रुपए तक के पात्र यूपीआई ट्रांजेक्शन पर भी इंसेंटिव देने का प्रावधान किया गया है.
इस तरह योजना के जरिए छोटे कारोबारियों को डिजिटल पेमेंट अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा. यूपीआई व्यापार सक्षम योजना का लाभ उन छोटे व्यापारियों को मिलेगा, जिनका सालाना कारोबार 40 लाख रुपए तक है. इसके दायरे में कई तरह के छोटे कारोबार आ सकते हैं, जिसमें किराना स्टोर चलाने वाले दुकानदार, रेहड़ी-पटरी और ठेले वाले व्यापारी, छोटे रिटेल दुकानदार, गांवों और कस्बों में कारोबार करने वाले छोटे व्यापारी आएंगे. योजना का खास फोकस उन दुकानदारों पर है, जो अभी तक डिजिटल पेमेंट की सुविधाओं से पूरी तरह नहीं जुड़ पाए हैं. एनपीसीआई इस योजना के जरिए टियर-3 से टियर-6 तक के शहरों में यूपीआई भुगतान का विस्तार करना चाहता है.
इस फंड का इस्तेमाल तीन हिस्सों में होगा
- 30 फीसदी फंड : नए व्यापारियों को यूपीआई से जोड़ने के लिए.
- 50 फीसदी फंड यूपीआई ट्रांजेक्शन की संख्या बढ़ाने के लिए.
- 20 फीसदी फंड : विशेष रूप से चुने गए क्षेत्रों में डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए.



