इस राज्य की पुलिस ने लॉन्च की एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन, अपराधियों का सूचना देने पर 10 लाख रुपये तक का इनाम

Anti-Gangster Helpline: पंजाब पुलिस द्वारा जारी किए गए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर आप निजी जानकारी शेयर कर सकते हैं. यह एक टोल-फ्री नंबर है जिस पर कोई भी व्यक्ति सूचना दे सकता है.
Anti-Gangster Helpline

इस राज्य में लागू हुआ एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन

Anti-Gangster Helpline: आजकल देश के हर कोने से अपराध के मामले सामने आ रहे हैं, जहां साइबर अपराधियों से लेकर डाकू, बदमाश और गैंगस्टर आम नागरिकों को परेशान कर रहे हैं और उन्हें तरह-तरह से टॉर्चर करते हैं. इन्हीं अपराधियों पर रोक लिए पुलिस ने एक नई पहल की शुरुआत की है, जिसके तहत अब इन कुख्यात लोगों का पता लगाना आसान हो सकता है. हाल ही में पुलिस ने एक ‘एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन’ लॉन्च की है, जिससे अब आम नागरिक भी इस सिस्टम से जुड़ सकते हैं.

लोगों को किस बारे में जानकारी देनी होगी?

पुलिस विभाग की ओर से कहा गया है कि यदि किसी भी व्यक्ति को गैंग ऑपरेशन, अवैध हथियारों की सप्लाई, जबरन वसूली, ड्रग्स नेटवर्क या फरार अपराधियों के बारे में कोई भी ठोस जानकारी है, तो वह जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर के जरिए सीधे पुलिस को सूचित कर सकता है. सही जानकारी देने वाले व्यक्ति को पुलिस की ओर से 10 लाख रुपये तक की नकद इनामी राशि दी जाएगी.

किस राज्य में एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन शुरू हुई?

पंजाब पुलिस ने अपराधियों और गुंडों को ठिकाने लगाने के लिए एक नया रुख अपनाया है. पुलिस अब फील्ड एक्शन के साथ-साथ आम जनता की मदद से भी इन कुख्यात अपराधियों तक पहुंच सकेगी. पंजाब पुलिस द्वारा जारी किए गए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर पर आप कॉल या व्हाट्सएप के ज़रिए अपराधियों की निजी जानकारी शेयर कर सकते हैं.

पहचान सार्वजनिक नहीं होगी

आपकी पहचान किसी भी स्थिति में सार्वजनिक नहीं की जाएगी, बल्कि इसे एक सुरक्षित डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लॉग किया जाएगा. इसके बाद प्राप्त जानकारी की मल्टी-लेवल स्क्रीनिंग की जाएगी, जिसमें टेक्निकल एनालिसिस, बैकग्राउंड चेक और रिस्क असेसमेंट शामिल होगा. पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस पहल के माध्यम से वे लोगों का भरोसा जीतना चाहते हैं और उन्हें बिना किसी डर के आगे आने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं. पुलिस का मुख्य मकसद अपराधियों के ठिकानों का पता लगाना है, इसलिए सूचना देने वाले व्यक्ति की गोपनीयता पूरी तरह बरकरार रखी जाएगी.

किस नंबर पर जानकारी शेयर कर सकते हैं?

पंजाब पुलिस द्वारा जारी किए गए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर ‘93946-93946’ पर आप निजी जानकारी शेयर कर सकते हैं. यह एक टोल-फ्री नंबर है जिस पर कोई भी व्यक्ति सूचना दे सकता है. इस हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त होने वाले हर इनपुट को टेक्निकल सर्विलांस, इंटेलिजेंस नेटवर्क और ग्राउंड वेरिफिकेशन के ज़रिए क्रॉस-चेक किया जाएगा. इसके साथ ही ज़रूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई के लिए एक विशेष ऑपरेशन यूनिट तैनात की गई है, जिसे सूचना मिलते ही फील्ड पर भेजा जाएगा.

ये भी पढ़ें-चालान और कागजों की टेंशन खत्म! फोन में रखें mParivahan App, मिलेगी हर जरूरी जानकारी

कब मिलेंगे दस लाख रुपये?

यदि आपकी दी गई जानकारी सटीक निकलती है और उसकी मदद से पुलिस किसी अपराध को रोकने या किसी गैंगस्टर को पकड़ने में कामयाब होती है, तो आपको 10 लाख रुपये तक का नकद इनाम दिया जा सकता है. राशि आपकी सूचना की गंभीरता और महत्व के आधार पर तय की जाएगी नी जानकारी जितनी बड़ी होगी, इनाम भी उतना ही बड़ा होगा.

ज़रूर पढ़ें