जोमैटो ने बढ़ाई अपनी प्लेटफॉर्म फीस, अब हर ऑर्डर पर देना होगा ज्यादा पैसा
Zomato ने बढ़ाई अपनी प्लेटफॉर्म फीस
Zomato Platform Fee Increase: अगर आप भी जोमैटो से खाना ऑर्डर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए है. हाल ही में जोमैटो ने हर ऑर्डर पर चार्ज बढ़ाने का फैसला किया है, जिसका सीधा असर आपकी जेब पर पड़ सकता है. अब जोमैटो पर जीएसटी (GST) से पहले की प्लेटफॉर्म फीस 12.50 रुपये से बढ़कर 14.90 रुपये प्रति ऑर्डर हो गई है. कंपनी ने पहली बार फीस में बढ़ोतरी नहीं की है. इससे पहले सितंबर 2025 में भी चार्ज बढ़ाए गए थे. बता दें कि जोमैटो की मुख्य प्रतिद्वंदी कंपनी स्विगी भी हर ऑर्डर पर टैक्स मिलाकर 14.99 रुपये की प्लेटफॉर्म फीस ले रही है.
रैपिडो ने फूड डिलीवरी सर्विस शुरू की
जोमैटो कंपनी ने अपनी फीस में बढ़ोतरी उस समय की है, जब अर्बन मोबिलिटी स्टार्टअप रैपिडो ने बेंगलुरु में अपनी नई फूड डिलीवरी सर्विस ‘Ownly’ लॉन्च की है. रैपिडो ने स्पष्ट किया है कि वह डिलीवरी चार्ज के अलावा ग्राहकों या रेस्टोरेंट्स से कोई भी एक्स्ट्रा फीस नहीं लेगा.
कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच फैसला
रैपिडो की इस नई पहल से जोमैटो और स्विगी जैसे पुराने कंपनियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. आजकल ग्राहक पहले से ही फूड डिलीवरी पर लगने वाले एक्स्ट्रा चार्ज से परेशान हैं और ऊपर से बढ़ती तेल की कीमतों ने डिलीवरी का खर्च भी बढ़ा दिया है. इसका सीधा असर रेस्टोरेंट्स और डिलीवरी करने वालों की कमाई पर पड़ रहा है. कुल मिलाकर कॉम्पिटिशन बढ़ने के बावजूद ग्राहकों की जेब पर बोझ बढ़ेगा और फिलहाल उन्हें कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है.
ये भी पढ़ें- साइबर ठगों की अब खैर नहीं! केंद्र सरकार ने WhatsApp को दिए डिवाइस ID ब्लॉक करने के निर्देश
रेस्टोरेंट्स में भी महंगा हुआ खाना
ऑनलाइन की तरह ही अब कई ऑफलाइन होटलों और रेस्टोरेंट्स ने भी अपने मेनू कार्ड और खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ा दिए हैं. होटल संचालकों का कहना है कि एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत के कारण उन्हें कीमतों में यह बदलाव करना पड़ा है. मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का सीधा असर अब भारतीय होटलों और रेस्टोरेंट्स के कारोबार पर भी देखने को मिल रहा है.