महिलाओं-बच्चों और बुजुर्गों के लिए सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, परेशानी में तुरंत मिलेगी मदद
हेल्पलाइन नंबर
Women Children Elderly Help: देश में नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए सरकार कई हेल्पलाइन सेवाएं चला रही है. इनका उद्देश्य जरूरत के समय लोगों तक जल्द मदद पहुंचाना है. महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध हैं. इनकी जरिए शिकायत दर्ज कराने, आपातकालीन सहायता और जरूरी जानकारी प्राप्त क जी सकती है. इनमें से कई सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहती हैं. आइए जानते हैं इन जरूरी नंबरों के बारे में.
महिलाओं के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन
महिलाओं को घरेलू हिंसा, उत्पीड़न या दूसरी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तो वे नेशनल कमीशन फॉर वुमेन (NCW) की हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकती हैं. यह सेवा जुलाई 2021 से 24 घंटे संचालित हो रही है.
हेल्पलाइन नंबर: +91-7827170170
वेबसाइट: https://ncwwomenhelpline.ncw.gov.in/
इस पर कॉल करने वाली महिलाओं को जरूरत के अनुसार पुलिस, स्वास्थ्य सेवाओं और कानूनी सहायता से जोड़ा जाता है. साथ ही काउंसलिंग और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाती है.
बच्चों की मदद के लिए 1098 नंबर
मुसीबत में फंसे बच्चों की सहायता के लिए सरकार चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 चला रही है. यह सेवा मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत काम करती है.
चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098
इमरजेंसी नंबर: 112
इस सेवा के जरिए बच्चों को सुरक्षा, देखभाल और आपातकालीन मदद उपलब्ध कराई जाती है. जरूरत पड़ने पर उन्हें पुनर्वास सेवाओं से भी जोड़ा जाता है. इसके लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 24 घंटे कंट्रोल रूम बनाए गए हैं.
बुजुर्गों के लिए एल्डर लाइन 14567
वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के लिए सरकार ने एल्डर लाइन हेल्पलाइन शुरू की है. बुजुर्ग इस नंबर पर कॉल करके अपनी समस्याएं बता सकते हैं.
हेल्पलाइन नंबर: 14567
इस सेवा के माध्यम से दुर्व्यवहार, उत्पीड़न और अन्य परेशानियों से जूझ रहे बुजुर्गों को मार्गदर्शन, भावनात्मक सहयोग और जरूरी सहायता दी जाती है.
रेलवे यात्रियों के लिए 139 नंबर
ट्रेन में सफर के दौरान शिकायत या किसी तरह की परेशानी होने पर यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139 पर संपर्क कर सकते हैं.
हेल्पलाइन नंबर: 139
इस नंबर से यात्री यात्रा संबंधी जानकारी और शिकायतों का समाधान प्राप्त कर सकते हैं. रेलवे की पुरानी हेल्पलाइन 182 को भी 1 अप्रैल 2021 से 139 में शामिल कर दिया गया था.



