MP-CG और बिहार के बाद UP में महिलाओं के लिए बड़ा पैकेज, यूपी चुनाव से पहले सीएम योगी का ऐलान
सीएम योगी आदित्यनाथ
UP Assembly Elections 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं को बड़ा तोहफा देने की तैयारी की है. उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए एक अच्छा पैकेज लेकर आ रहे हैं. हालांकि, अभी तक उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया है कि पैकेज क्या रहने वाला है. लेकिन जिस प्रकार से मध्य प्रदेश में लाडली बहना, छत्तीसगढ़ में महतारी बंदन योजना और महाराष्ट्र, बिहार, बंगाल में महिलाओं के सशक्त करने के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं. ऐसा लग रहा है कि सीएम योगी भी ऐसी ही योजना महिलाओं को ला सकते हैं. यूपी चुनाव से पहले सीएम योगी का प्रदेश की महिलाओं पर ज्यादा फोकस है.
यूपी चुनाव के लिए अब बहुत कम समय बचा है. इसलिए सभी दलों ने अभी से ही प्रचार-प्रसार की तैयारियां शुरू कर दी है. इसी बीच सीएम योगी महिलाओं के लिए बड़ा दांव खेलने की तैयारी कर रहे हैं. सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश की महिलाओं के लिए हम एक अच्छा पैकेज लेकर आ रहे हैं. जिससे वे आत्मनिर्भर होंगी, अपने पैरों पर खड़ी होंगी, परिवार का संबल बनेंगी और अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दे पाएंगी.
कई राज्यों में चुनाव से पहले महिलाओं को तोहफा
कई राज्यों में देखा गया कि चुनाव से पहले महिलाओं के लिए योजना लाई गई, तो महिलाओं ने बढ़चढ़कर भाग लिया और योजना लाने वाली पार्टी की फिर से सरकार बनाई. शायद यही वजह है कि सीएम योगी भी महिलाओं को लुभाने के लिए चुनाव से पहले बड़ा ऐलान करने वाले हैं. वैसे भी सीएम योगी पुरुषों के मुकाबले महिलाओं का ज्यादा वोट मिलता रहा है. पिछले साल 2022 के विधानसभा चुनाव को ही अगर देखा जाए, तो 44 प्रतिशत पुरुष और 48 प्रतिशत महिलाओं ने भाजपा को वोट किया था.
चुनाव से पहले कई राज्यों में महिलाओं के लिए लाई गई योजना कारगर साबित हुई. मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल के चुनावों ने इस ट्रेंड को स्थायी बना दिया और देश में रानजीति का नया ट्रेंड सेट कर दिया.
किन राज्यों में महिलाओं के लिए कौन सी योजना?
वर्तमान में महिलाओं के लिए मध्य प्रदेश में लाडली बहना योजना, छत्तीसगढ़ में महतारी बहिन योजना, महाराष्ट्र में लाडकी बहीण योजना, झारखंड में मंईयां सम्मान योजना, बंगाल में अन्नपूर्णा योजना और बिहार में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना लाई गई है. अब सीएम योगी भी महिलाओं के लिए योजना लाने की तैयारी कर रहे हैं. अब देखना यह होगा कि इस योजना का चुनाव में क्या असर देखने को मिलता है.



