बीमार होने पर जिन अजय राय का पीएम ने पूछा था हाल, अब उन्‍हीं ने उगला जहर! सीएम योगी ने किया पलटवार

Yogi Adityanath Hits Back: मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कांग्रेस नेता अजय राय की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि यही कांग्रेस के संस्कार हैं. कांग्रेस अब हताशा, निराशा, कुंठा और मानसिक दिवालियेपन के शीर्ष स्तर पर पहुंच चुकी है. 
सीएम योगी और अजय राय

सीएम योगी और अजय राय

Ajay Rai Cm Yogi Clash: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में आ गए हैं. उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें वे पीएम मोदी को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते दिखाई दिए. इसके बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर राजनीतिक मर्यादा तोड़ने का आरोप लगाया और बयान को लेकर बड़ा हमला बोला है.

दरअसल, अजय राय महोबा में उस NEET छात्रा के परिवार से मिलने पहुंचे थे, जिसके अपहरण और उत्पीड़न का मामला सामने आया है. इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था और सरकार की कार्यशैली को निशाने पर लिया. बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जनता परेशान है, लेकिन सरकार सिर्फ प्रचार और विदेश यात्राओं में व्यस्त है. इसी दौरान उन्होंने पीएम मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी, जिससे राजनीतिक माहौल गरमा गया.

कांग्रेस अपने कुसंस्कार का परिचय दे रही- योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस पूरे मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक राजनीति के लिए ठीक नहीं है और यह कांग्रेस की राजनीतिक गिरावट को दर्शाती है. योगी ने बयान को अशोभनीय, असंसदीय और अक्षम्य बताया गया है.  

सीएम योगी ने आगे कहा कि पूर्व में कांग्रेस के ‘युवराज’ भी अपने कुसंस्कार का परिचय दे चुके हैं. कांग्रेस अब हताशा, निराशा, कुंठा और मानसिक दिवालियेपन के शीर्ष स्तर पर पहुंच चुकी है.अब देश वासियों से क्षमा मांगने लायक भी स्थिति उनकी नहीं रही है.

अजय राय पहले भी कई बार अपने बयानों को लेकर विवादों में रह चुके हैं. विधानसभा चुनावों और लोकसभा चुनावों के दौरान भी पीएम मोदी और बीजेपी नेताओं पर उनकी टिप्पणियों ने राजनीतिक विवाद खड़ा किया था.  

अम‍ित मालवीय ने कहा यही कांग्रेस की संस्कृति

वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. बीजेपी नेता अमित मालवीय ने कहा कि कुछ दिन पहले जब अजय राय बीमार थे, तब पीएम मोदी ने सार्वजनिक रूप से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी, लेकिन अब वही कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्होंने इसे कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति बताया.

वहीं बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार राजनीतिक भाषा की सीमाएं पार कर रही है. उनका कहना था कि पहले राहुल गांधी और अब अजय राय, दोनों नेताओं के बयान कांग्रेस की हताशा दिखाते हैं.

ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में बढ़ रहे गन कल्चर पर हाईकोर्ट नाराज, राजा भैया-बृजभूषण समेत 19 बाहुबलियों की मांगी रिपोर्ट

ज़रूर पढ़ें