राम मंदिर चंदा चोरी मामले में ट्रस्ट की आज बैठक, चंपत राय के इस्तीफे पर होगा फैसला! कौन-कौन हो रहा शामिल
राम मंदिर
Champat Rai Resignation Decision: अयोध्या के राम मंदिर में हुई कथित चंदा चोरी को लेकर देशभर में गुस्से का माहौल है. इस चोरी में अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इसके साथ ही कई अन्य लोगों की गिरफ्तारी की तैयारियां चल रही हैं. इन सब के बीच अब आज यानी कि 6 जुलाई को राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक होने जा रही है. इस बैठक पर हर किसी की नजर रहने वाली है. इसके पीछे के भी कई कारण हैं.
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की दोपहर तीन बजे बैठक है, जिसमें संभावना है कि चंदा चोरी पर मंथन किए किए जाने के साथ ट्रस्ट की व्यवस्था में बड़े बदलाव को लेकर कई फैसले लिए जा सकते हैं. ऐसे में सभी की निगाहें ट्रस्ट की बैठक पर लगी हुई हैं. इसके साथ ही चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर भी मंथन होगा.
ट्रस्ट ने अचानक बैठक की जगह बदली
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक का स्थान कई बार बदला गया है. बैठक के ठीक एक दिन पहले भी इसमें बदलाव किया गया है. अब यह बैठक दोपहर 3 बजे मणिराम दास छावनी की जगह राम मंदिर परिसर में बैठक होगी. इस फैसले के पीछे की वजहें हैं. पहली- सुरक्षा कारण और दूसरी- मीडिया से दूरी बनाई जा सके.
चंपत और अनिल के इस्तीफे पर होगा फैसला
अयोध्या राम मंदिर में चंदा चोरी का मामला सामने आने के बाद यह ट्रस्ट की पहली बैठक होने जा रही है. इसमें ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला होगा. सूत्रों के मुताबिक, दोनों का इस्तीफा मंजूर होना तय है. इसके लिए भी ट्रस्ट के सदस्यों के दो तिहाई बहुमत होना जरूरी है. दोनों ने 26 जून को इस्तीफा दिया था.
कौन होगा बैठक में शामिल?
राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी, शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती और युगपुरुष परमानंद राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में भाग लेने के लिए पहुंच गए हैं. चढ़ावा चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज कराने वाले कृष्ण मोहन भी अयोध्या पहुंच चुके हैं. इसके अलावा भी कई अन्य लोग लगातार बैठक में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं. यही वजह है कि पूरे देश की निगाहें आज होने वाली इस बैठक पर टिकी हुई हैं.
भारत सरकार के सचिव प्रशांत लोखंडे और प्रदेश सरकार से प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होंगे बैठक में शामिल. मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा भी ट्रस्ट के सदस्यों की बैठक में होंगे शामिल. इसके अलावा शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती, युगपुर परमानंद जी महाराज, कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी, सदस्य कृष्ण मोहन, सदस्य दिनेंद्र दास, सदस्य उडुपी पीठाधीश्वर, विश्व तीर्थ प्रपन्नाचार्य जी महाराज और राम मंदिर ट्रस्ट के वयोवृद्ध सदस्य बैठक में शामिल होंगे.
ये भी पढ़ें:लाखों रुपए और महंगे गिफ्ट…’, चढ़ावा चोरी के पैसे से दानवीर बना हुआ था अविनाश, पूछताछ में हुआ खुलासा