‘ब्राह्मण की हत्या हुई, कोई पूछने भी नहीं आया’, शिवकुमार तिवारी की मौत पर छलका परिजनों का दर्द
गोरखपुर के शिवकुमार तिवारी की मौत पर छलका परिजनों का दर्द
Shivkumar Tiwari Murder Case: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में शिवकुमार तिवारी की निर्मम हत्या कर दी गई. हालांकि प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी आठों नामजद आरोपियों के खिलाफ एनएसए लगाने कार्रवाई शुरू कर दी है. लेकिन पीड़ित परिवार जनप्रतिनिधियों के न पहुंचने से काफी दुखी है. पीड़ित परिवार का कहना है कि एक ब्राह्मण की हत्या हुई, कोई पूछने तक नहीं आया. वहीं आरोपी पक्ष के सभी आठों आरोपी पुलिस गिरफ्त में हैं.
दरअसल, गोरखपुर के खजनी विधानसभा क्षेत्र के अहिरौली गांव में बिजली ठेकेदार शिवकुमार तिवारी की दिनदहाड़े तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई. मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया गया. जानकारी के अनुसार, शिवकुमार तिवारी गांव में आयोजित एक ब्रह्मभोज के दौरान कतार में बैठे थे. इसी दौरान कुछ आरोपियों ने पीछे से उनके ऊपर हमला कर दिया. हमले में घायल शिवकुमार को जब अस्पताल ले जाया जा रहा था. उस दौरान आरोपियों ने शिवकुमार की गाड़ी को रोक लिया और उन पर तलवार, चाकू और सब्बल से हमला कर दिया. जिसमें उनकी मौत हो गई.
8 आरोपी भेजे गए जेल
इस दौरान किसी ने हमले का वीडियो भी बना लिया, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में मुख्य आरोपी राहुल चौधरी शिवकुमार तिवारी पर ताबड़तोड़ वार करते दिखाई दे रहा है. पुलिस ने इस मामले में शामिल सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी.
ये भी पढ़ेंः मायावती ने एक और बड़े नेता को दिखाया पार्टी से बाहर का रास्ता, सामने आई ये वजह
ब्राह्मण एकता परिषद ने की मांग
शिवकुमार तिवारी की हत्या के बाद ब्राह्मण एकता परिषद ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी गोरखपुर और जिलाधिकारी प्रयागराज ने नाम ज्ञापन सौंपा है. जिसमें शिवकुमार तिवारी के हत्यारों को तत्काल फांसी या एनकाउंटर की मांग की है. इसके साथ ही परिजनों को दो करोड़ रुपये का मुआवजा, इकलौते पुत्र को सरकारी नौकरी, परिवार को शस्त्र लाइसेंस और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है.