‘श्रीकृष्ण जन्मभूमि के चढ़ावे की हो जांच…’, फलाहारी महाराज ने सीएम योगी को खून से लिखा पत्र
बाबा ने खून से लिखा पत्र
Mathura Krishna Janmabhoomi Donation Probe: उत्तर प्रदेश समेत देशभर में इस समय चंदा चोरी का मामला हर किसी की जुबान पर है. राम मंदिर में हुए चंदा चोरी मामले में अब तक कई लोगों से पूछताछ की जा चुकी है. दूसरी तरफ अब मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े कथित चोरी और अनियमितताओं के मुद्दे ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है.
श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद से जुड़े प्रमुख याचिकाकर्ता फलाहारी महाराज ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपने खून से पत्र लिखकर मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है.
फलाहारी महाराज का आरोप है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर और उससे जुड़े धार्मिक मामलों में वर्षों से कई सवाल ऐसे हैं जिनका जवाब आजतक नहीं मिला है. उनका कहना है कि यदि किसी भी प्रकार की चोरी, संपत्तियों में गड़बड़ी या दान से जुड़ी अनियमितताएं हुई हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके.
फलाहारी महाराज ने सीएम को लिखा पत्र
फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री को भेजे अपने पत्र में कहा कि इस पूरे मामले की जांच राज्य एजेंसियों के बजाय केंद्रीय एजेंसी सीबीआई से कराई जानी चाहिए, जिससे जांच की निष्पक्षता पर कोई सवाल न उठे. फलाहारी महाराज का दावा है कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस विषय में पारदर्शिता सबसे महत्वपूर्ण है.
लंबे समय हो रही जांच की मांग
फलाहारी महाराज लंबे समय से श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं और पहले भी कई बार सरकार तथा प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कर चुके हैं. हाल के दिनों में उन्होंने धार्मिक स्थलों के प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर भी कई मांगें उठाई हैं.
अब खून से लिखा गया यह पत्र चर्चा का विषय बन गया है. इससे एक बार फिर श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मामलों पर राजनीतिक और धार्मिक हलकों में बहस तेज होने की संभावना है. फिलहाल सरकार की ओर से इस मांग पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन फलाहारी महाराज ने साफ संकेत दिया है कि वह इस मुद्दे को आगे भी उठाते रहेंगे.
ये भी पढ़ें: राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर पुजारी महासंघ की पीएम मोदी को चिट्ठी, कर दी ये बड़ी मांग