‘घरवाले मान जाएं…’, 111 लीटर गंगाजल लेकर शादी की मन्नत मांगने निकला प्रेमी जोड़ा
शादी के लिए 111 लीटर गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकला प्रेमी जोड़ा
Couple Carries 111 Litres Gangajal: सावन का महीना शुरू हो गया है. सावन का महीना शुरु होते ही शिवभक्त अपनी मन्नतों को लेकर कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं. इस यात्रा में एक ऐसी कांवड़ चल रही है, जिसे न तो नौकरी चाहिए, न कारोबार, न धन दौलत और न ही कुछ और… उनकी बस एक ही मन्नत है कि शादी हो जाए. इसलिए दोनों जोड़े एक साथ कांवड़ यात्रा पर निकले हैं. यह कांवड़ लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है.
यह कांवड़ यूपी के मुजफ्फरनगर से गुजरी है. जिसे बुलंदशहर के रहने वाले मयंक और दीपिका लेकर जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि दोनों की मुलाकात करीब 1 साल पहले हुई थी. जो दोस्ती से शुरुआत हुई और अब प्यार में बदल गई. लेकिन दोनों के घरवाले शादी करने को राजी नहीं हुए. दोनों ने अपने-अपने घरवालों को खूब समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों के घरवाले राजी नहीं हुए.
शादी के लिए कांवड़ यात्रा
इसके बाद दोनों ने एक साथ कांवड़ ले जाने का फैसला लिया. दोनों अपनी प्लानिंग के अनुसार, हरिद्वार पहुंचे. वहां 111 लीटर गंगाजल की कांवड़ उठाई और पैदल यात्रा शुरू कर दी. कांवड़ ले जाने का मकसद सिर्फ एक कि दोनों की शादी हो जाए. उनका मानना है कि शायद अब घर वाले हमारी मन्नतों पर विचार करें और शादी करने पर राजी हों. हालांकि, यह सफर इतना भी आसान नहीं है, क्योंकि एक तरफ उनके कंधे पर 111 लीटर गंगाजल का बोझ, तो दूसरे तरफ रिश्ते का बोझ लदा हुआ है.
ये भी पढ़ेंः अयोध्या राम मंदिर में बड़ा बदलाव, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हटाया गया VIP पास नियम
लोगों का ध्यान खींच रही कांवड़ यात्रा
फिलहाल, इस कांवड़ को जो भी सड़कों पर देखता है. वही रुककर वीडियो बनाना शुरू कर देता है. जैसे ही लोगों को पता चलता है कि यह तपस्या सिर्फ शादी के लिए है, तो लोग हैरान रह जाते हैं. हालांकि, उन्हें पूरी उम्मीद है कि शायद भोलेनाथ कोई बीच का रास्ता बना दें.