‘SP- कांग्रेस ने मुसलमानों से सिर्फ दरी बिछवाई…,’ ओवैसी के बयान का योगी के मंत्री राजभर ने किया समर्थन
ओवैसी के बयान का योगी के मंत्री राजभर ने किया समर्थन
Owaisi Rajbhar Muslim Statement: योगी सरकार के मंत्री और निषाद समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने विपक्ष पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा ने मुसलमानों से दरी ही बिछवाई और जब मुख्यमंत्री बनने की बात आई तो उन्हें नकार दिया. मंत्री ओपी राजभर के इस बयान से प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. पढ़ें ओपी राजभर ने क्या कहा?
मंत्री राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को लगता है कि मुस्लिम वोट बैंक सपा को छोड़कर कहीं नहीं जाएगा. जबकि AIMIM चीफ ओवैसी भी मुस्लिम वोटबैंक पर सेंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि ओवैसी तो मुसलमानों को लेकर बोल ही चुके हैं कि हम दरी नहीं बिछाएंगे. भले ही हमारा वोट बैंक नहीं है, लेकिन जितना है. उतना तो हमें हक मिलना चाहिए. ओवैसी के इस बयान का मंत्री राजभर ने समर्थन भी किया.
ओवैसी का राजभर ने किया समर्थन
ओवैसी के मुस्लिम दरी नहीं बिछाएगा वाले बयान का मंत्री राजभर ने समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस ने भी खूब मुस्लिमों से दरी बिछवाई, लेकिन उन्हें सीएम नहीं बनाया. सपा भी 4 बार मुसलमानों के ही दम पर सरकार बनाई लेकिन मुसलमानों को कभी सीएम बनाने की मांग ही नहीं की. बल्कि अखिलेश ने सिर्फ अपने विरादरी वालों को ही आगे बढ़ाने का प्रयास किया.
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
इसके अलावा मंत्री राजभर ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा और कहा, आपके इंडी को लड़ना है एनडीए से और आपके नेता आपसे में लड़ रहे हैं. जैसे, सपा लड़ रही कांग्रेस से, इकरा लड़ रहीं इमरान से, गौतम जी तो सबको ही निशाने पर लिए हुए हैं. बाकी आपके संगठन वाले तो आ-हा-हां. ऐसे कैसे लड़ेंगे महाराज? चलिए ये तो थी बयानबाज़ी की बात. आपकी पार्टी वाले तो जूतम-पैजार भी कर रहे हैं. गोरखपुर में थप्पड़ चले, मुकदमा दर्ज हुआ और हालत ऐसी बनी कि आपको जिला, महानगर और फ्रंटल संगठनों तक की इकाइयां भंग करनी पड़ीं.
ये भी पढ़ेंः UP में BJP ने राज्यसभा के 8 प्रत्याशियों का किया ऐलान, हरदीप पुरी को नहीं मिला मौका
राजभर बोले- गलती से सरकार में आ गए तो…
अखिलेश जी, 2027 में प्रदेश संभालने का दावा है और 2026 में अपनी जिला इकाइयां संभालने के लिए कभी संगठन भंग करना पड़ रहा है, कभी नेताओं को पार्टी से निकालना पड़ रहा है. सोचिए, आपके नेता सरकार आने के भ्रम में जिस तरह आपस में भिड़ रहे हैं, अगर गलती से सरकार में आ गए तो जनता को कितना पीटेंगे. हफ्ता वसूली करेंगे. गुंडा टैक्स वसूलेंगे.