‘चोर भाइयों, चोरी नहीं, सीधे कैश ले जाओ…’, चोरों के आतंक से परेशान किसानों ने की अनोखी अपील
शामली में किसानों ने की अनोखी अपील
Thieves’ Cash Appeal: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में किसानों ने पुलिस की नाकामी से तंग आकर अनोखा कदम उठाया है. जिसकी अब खूब चर्चा हो रही है. चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने भी 10 दिनों का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. जिसकी वजह से किसान रातभर जागकर पहरा देने पर मजबूर हैं. जानें क्या है मामला.
दरअसल, इन दिनों शामली जिले के किसान नलकूपों से सबमर्सिबल पंप, केवल और स्टार्टर चोरी की घटनाओं को लेकर काफी परेशान हैं. पुलिस से कई बार शिकायत की लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई, इसलिए किसानों ने खुद ही ट्यूबवेल के दरवाजों पर चोरों के नाम अनोखी अपील लिखना शुरू कर दिया.
किसानों ने की अनोखी अपील
एक किसान ने जिस घर पर सबमर्सियल लगा है. उस घर के गेट पर लिखा, ‘चोर भाइयों से निवेदन है कि सामान बेचते हैं. आप हमारे से दोगुना पैसे ले लो. एक जगह बात कर पैसे रख दिया करेंगे. नलकूप को लेकर निवेदन है.’
70 से अधिक नलकूपों की हो चुकी चोरी
किसानों ने बताया कि पुलिस की नाकामी की वजह से कई गांवों में 70 से अधिक नलकूपों की चोरी हो चुकी है. चोर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर हजारों रुपए का सामान उखाड़ ले जाते हैं. जिसकी वजह से सिंचाई ठप हो जाती है और फसलें सूखने का खतरा मंडराने लगता है. यानी नया सामान लगवाने में समय और पैसा दोनों की बर्बादी होती है.
ये भी पढ़ेंः SSP अविनाश पांडेय को थप्पड़ विवाद पड़ गया भारी? योगी सरकार ने रातों-रात कर दिया ट्रांसफर
गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन
फिलहाल, मामले को संज्ञान में लेते हुए एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि नलकूपों पर हो रही चोरी की घटनाओं की रोकथाम और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.