कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच इन 22 सीटों को लेकर फंसेगा पेंच? क्या है इसमें खास
सोनिया गांधी-अखिलेश यादव-डिंपल यादव
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में अगले कुछ महीनों बाद विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को लेकर ऐसा कहा जा रहा है कि दोनों ही एक साथ चुनाव लड़ेंगी. इसको लेकर बातचीत भी चल रही है. हालांकि कांग्रेस ने अखिलेश यादव के सामने एक मुसीबत खड़ी कर दी है. कांग्रेस ने 181 सीटों पर लड़ने की इच्छा जाहिर की है. इनमें 22 सीटें ऐसी हैं, जिन पर मौजूदा समय में समाजवादी पार्टी के विधायक हैं.
समाजवादी पार्टी के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती यह है कि कैसे इन 22 विधायकों का टिकट काटा जाए. इससे भी बड़ी समस्या यह है कि कांग्रेस को इन 22 सीटों को लेकर कैसे मनाया जाए. यही वजह है कि अब तक दोनों ही दलों के बीच सीटों को लेकर कोई फैसला नहीं हो पाया है.
कितनी सीटें देने की हो रही बात?
समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस की इस मांग पर अब तक खुले तौर पर कुछ नहीं कहा है. लेकिन, अंदरखाने चल रही चर्चा में यह साफ है कि सपा इस तरह की डिमांड से खफा है. यही वजह है कि इस मांग को वह व्यावहारिक बता रही है. सपा के नेता की मानें तो उन्होंने बहुत ज्यादा सीटों की मांग की है, जो गलत है. उनको ज्यादा से ज्यादा 100 सीटें ही दी जा सकती है.
अखिलेश बोले- सबको अपनी बात रखने का हक
अखिलेश यादव कांग्रेस की इस डिमांड के बाद भी मीडिया के सामने सधे हुए तरीके से बातचीत रख रहे हैं. ताकि आने वाले दिनों में गठबंधन में किसी तरह की खींचतान न हो. उन्होंने कांग्रेस की डिमांड के बाद कहा कि सबको अपनी बात कहने का हक है, जायज बात मानी भी जाएगी. कुल मिलाकर अखिलेश ने यह भी साफ कर दिया मांग करने से सीटें मिल थोड़ी जाएंगी. इसको लेकर बातचीत की जाएगी. तभी तय होगा कि कौन कहां से चुनाव लड़ेगा?
कैसा था पिछले चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश में साल 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन कोई खास नहीं रहा था. 2022 में कांग्रेस 399 सीटों पर लड़ी थी और 397 सीटें हार गई थी. कुल मिलाकर 2 सीटों पर ही जीत दर्ज कर पाई थी. 387 सीटों पर जमानत जब्त हुई थी. पार्टी सिर्फ दो सीटें जीत सकी और वोट मिले कुल 2.33 परसेंट मिले थे. यही वजह है कि इस बार पार्टी 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कहती नजर आ रही है.



