यूपी चुनाव से पहले चाचा शिवपाल ने अखिलेश को चेताया, बोले- गलती न दोहराएं, धमकी देने वालों को सीधे बाहर…

UP Election 2027: शिवपाल सिंह यादव ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता किसी को धमकी देता है या यह कहता है कि चुनाव होने दो, सरकार आने दो, फिर देख लेंगे तो ऐसे लोगों को तत्काल पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा.
Akhilesh Yadav And Shivpal Yadav

शिवपाल यादव और अखिलेश यादव

Shivpal Singh Yadav Statement: यूपी चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी पूरी तरह से एक्टिव हो गई है और तैयारियों में जुट गई है. अखिलेश यादव के बाद अब सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भी अपने कार्यकर्ताओं को एक सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि इस बार के चुनाव में पिछली बार जैसी बिल्कुल गलती नहीं करनी है. अगर कोई कार्यकर्ता और नेता गलती करते पाया जाता है, तो उसे बाहर का रास्ता दिखाया जाए. क्योंकि इस बार सपा भाजपा को कोई मुद्दा नहीं देना चाहती है. पिछली बार के चुनाव में भाजपा ने सपा के धमकी वाले मुद्दे को लेकर खूब घेरा था. शिवपाल यादव के इस बयान से स्पष्ट हो गया है कि 2022 के अनुभव पर 2027 चुनाव की तैयारियां की जा रही हैं.

क्या बोले शिवपाल यादव?

शिवपाल ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता किसी को धमकी देता है या यह कहता है कि चुनाव होने दो, सरकार आने दो, फिर देख लेंगे तो ऐसे लोगों को तत्काल पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा. कोई बहाना नहीं चलेगा. शिवपाल यादव ने यह पिछले चुनाव परिणाम को देखते हुए दिया है. क्योंकि 2022 में सपा की हार की जब समीक्षा की गई तो पाया गया कि बयानबाजी हार की बहुत बड़ी वजह बनी. यही वजह रही कि चुनाव हारने के बाद से लगातार अखिलेश यादव अपने कार्यकर्ताओं को समझाइश देते रहे हैं.

धमकी देने वालों को सीधे बाहर का रास्ता

शिवपाल यादव ने बताया कि भाजपा के लोग षड़यंत्र कर सपा को बदनाम कर सकते हैं. सपा के लोगों से उल्टा-सीधा बयान दिलवाएंगे, जिसकी वजह से पार्टी की छवि खराब होने की संभावना है. इस दौरान शिवपाल यादव ने सीधा और स्पष्ट संदेश दिया है कि चाहे कोई भी हो. अगर धमकी दी तो सीधे बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा. इस बैठक में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद मौजूद थे.

पिछले चुनाव की गलती से बचने की अपील

इस दौरान शिवपाल यादव ने मतदाता सूची को लेकर भी बात की. उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि बूथ स्तर पर जुटें और छूटे हुए नाम जुड़वाएं. लेकिन अपनी भाषा और व्यवहार को लेकर भी ध्यान दें. पिछले चुनाव में सपा नेता अब्बास अंसारी का एक वीडियो खूब वायरल हुआ था, जिसमें अब्बास ने कहा था, ‘हमारी सरकार आने दो अखिलेश यादव से बात करके आए हैं.. सरकार बनने के बाद छह महीने तक किसी अधिकारी या पुलिसकर्मी की ट्रांसफर-पोस्टिंग नहीं होगी. जो जहां है, वहीं रहेगा. पहले हिसाब-किताब होगा, फिर ट्रांसफर होगा.’ इस बयान की वजह से सपा को काफी नुकसान हुआ.

ज़रूर पढ़ें