वोटर लिस्ट में नाम की जगह कैसे हुआ ‘राम ने यादव को मारा’? चुनाव आयोग ने बताया
उत्तर प्रदेश मतदाता सूची
Election Commission Clarification: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में नामों को लेकर बवाल मचा हुआ है. क्योंकि कहीं नाम की जगह पर ‘राम ने यादव को मारा’ तो कहीं मतदाता के पिता का नाम ‘B Com’ हो गया है. हालांकि, यूपी चुनाव आयोग ने इन गलतियों को लेकर सफाई दी है. इसके साथ ही चुनाव आयोग ने बताया कि कुल 14,81,310 प्रविष्टियों में से 158 गड़बड़ियां मिली हैं. चुनाव आयोग ने गड़बड़ियों से जुड़े मामले में कुछ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की है. जानें कैसे हुई गलती?
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय ने मतदाता सूची में नामों की हुई गलती को लेकर जानकारी दी है. जिसमें बताया कि यूपी एमएलसी चुनाव की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए पहली बार ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू की गई है. जिसमें अंग्रेजी से लिखे नामों का जब हिंदी में अनुवाद किया गया तो कई नामों में गलती हो गई है. इस दौरान चुनाव आयोग की ओर से उदाहरण भी दिया गया.
कैसे हुई गलती?
चुनाव आयोग ने बताया कि Ramhit Yadav की जगह गलती से Ram hit Yadav लिख गया. जब इसका हिंदी अनुवाद हुआ तो ‘राम ने यादव को मारा’ हो गया. यह केवल सॉफ्टवेयर की गलती की वजह से हुआ है. हालांकि, सॉफ्टवेयर की गलती सुधारने की व्यवस्था की लेकिन इसके बावजूद गलती रह गई. चुनाव आयोग ने माना कि इसमें लापरवाही की वजह से गलतियां रह गई हैं. वहीं मतदाता के पिता के नाम की जगह ‘B Com’ को लापरवाही से जुड़ा मामला बताया.
ये भी पढ़ेंः ‘जरूरत पड़ी तो लठ पूजन…’, BJP विधायक ने गोदाम प्रभारी को जड़ दिया थप्पड़, पूछा- अखिलेश से मिले हो?
अधिकारियों के मांगे गए जवाब
चुनाव आयोग के मुताबिक मतदाता सूची तैयारी करने की जिम्मेदारी निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारी (ERO) की है. नामों में हुई गलतियों को लेकर इन अधिकारियों से जवाब भी मांगा गया है. इसके साथ ही सभी जिलाधिकारों को निर्देश भी दिया गया है कि गलतियों की वजह से किसी मतदाता को परेशानी न हो. इसका ध्यान रखा जाए.