UP Cabinet Expansion: बंगाल के बाद अब उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी, कल ये 6 विधायक ले सकते हैं शपथ
सीएम योगी आदित्यनाथ
UP Cabinet Expansion: उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. सूत्रों के मुताबिक रविवार 10 मई को कैबिनेट विस्तार हो सकता है. इसमें छह नए चेहरों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है. लंबे समय से चर्चा में चल रहे इस विस्तार को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. यूपी में बीजेपी इस विस्तार के जरिए जातीय और क्षेत्रीय समीकरण साधने की कोशिश करेगी.
फिलहाल योगी सरकार में कुल 54 मंत्री हैं, जबकि संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार उत्तर प्रदेश में अधिकतम 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं. मतलब यह कि अभी भी ऐसे में छह पद अभी खाली हैं और इन्हीं सीटों को भरने की तैयारी अंतिम चरण में है.
सूत्रों के अनुसार जिन नेताओं के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं, उनमें कृष्णा पासवान, सपा से बगावत कर चुकीं पूजा पाल, मनोज पांडेय, बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, अशोक कटारिया और रोमी साहनी शामिल हैं. हालांकि सरकार या बीजेपी की तरफ से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
मंत्रिमंडल विस्तार से साधेंगे समीकरण
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस विस्तार के जरिए बीजेपी सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश कर रही है. पश्चिमी यूपी, पूर्वांचल और दलित-पिछड़े वर्गों को प्रतिनिधित्व देने पर पार्टी खास ध्यान दे सकती है. इसके साथ ही सहयोगी दलों और नाराज नेताओं को भी साधने की रणनीति पर काम हो रहा है.
संगठन में होगा बदलाव
बीजेपी संगठन में भी जल्द बड़े बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है. माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद संगठनात्मक फेरबदल की प्रक्रिया भी तेज हो सकती है, ताकि 2027 चुनाव से पहले पार्टी पूरी तरह सक्रिय मोड में आ सके. अब देखना होगा कि योगी सरकार अपने नए मंत्रिमंडल विस्तार में किसको जगह देती है.
ये भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर के ठीक एक साल फिर एक्टिव हुआ जैश, बहावलपुर मरकज में शुरू किया काम