उन्नाव की युवती, फतेहपुर का युवक… कानपुर में होटल के अंदर युवक-युवती का शव मिलने से हड़कंप
होटल रूम (File Photo)
UP News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक होटल के कमरे के अंदर युवक और युवती का शव मिला है. दोनों की मौत किन वजहों से हुई. अभी यह साफ नहीं हो पाया है. शुरुआती जांच में जहर खाकर जान देने की संभावना जताई जा रही है. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है. दोनों के बीच क्या रिश्ते थे और किस कारण से रूम किराए से लिया था. हर एंगल से जांच की जा रही है.
जानकारी के अनुसार, युवती उन्नाव और युवक फतेहपुर का रहने वाला है. जिसमें युवक की पहचान 33 वर्षीय दिग्विजय सिंह के रूप में हुई है, तो वहीं युवती की पहचान 33 वर्षीय शिवांगी तिवारी के रूप में हुई है. पुलिस के मु्ताबिक, शनिवार को कलेक्टरगंज इलाके के एक होटल में एक युवक और उसके साथ एक युवती किराए से रूम ली. इसके बाद अंदर से दरवाजा बंद किया तो फिर खोला ही नहीं.
दोनों की मौके पर मौत
जब होटल कर्मचारियों के बार-बार दरवाजा खटखटाने पर भी रूम नहीं खुला, तो उन्होंने शाम करीब साढ़े 4 बजे पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही कलेक्टरगंज थाना प्रभारी संजय पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. इस दौरान देखा कि दरवाजा अंदर से बंद है. पुलिस ने दरवाजा को किसी तरह खुलवाया तो पाया कि दोनों कमरे के फर्श पर बेहोश पडे़ मिले. पुलिस ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी.
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ खाने जैसा लग रहा है. हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही सामने आएगा. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दोनों के परिजनों को भी सूचना दे दी है.