‘7 पाकिस्तानी सैनिक हमारे कब्जे में’, बलूच लिबरेशन आर्मी का बड़ा दावा, रिहाई के लिए दिया 7 दिन का अल्टीमेटम
बलूच आर्मी ने पाकिस्तान के 7 सैनिकों को गिरफ्तार करने का किया दावा.
Pakistan: बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी सेना को लेकर बड़ा दावा किया है. BLA ने दावा किया कि ‘ऑपरेशन हेरोफ 2.0’ के दौरान उसके लड़ाकों ने पाकिस्तान सेना के 17 लोगों को पकड़ लिया था. हालांकि, बाद में बातचीत और शुरुआती जांच के बाद 10 लोगों को रिहा कर दिया गया, लेकिन अभी भी 7 सैनिक BLA के कब्जे में हैं. BLA ने बताया कि यह फैसला जमीनी हालात, बलूच जनता के हित को देखते हुए और स्थानीय पहचान के आधार पर लिया गया है. जानें पाकिस्तानी सेना को लेकर क्या बोला BLA?
इसकी जानकारी BLA के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने मीडिया को दी है. जिसमें बताया कि पाकिस्तानी आर्मी के पकड़े गए जवानों में 10 लोगों को इसलिए छोड़ दिया गया, क्योंकि उनकी पहचान बलूच या स्थानीय पुलिस और लेवीज बलों से जुड़ी हुई बताई गई. बाकि बचे हुए 7 लोगों में से पाकिस्तानी सेना के नियमित इकाइयों से जुड़े पाए गए. इसलिए उन्हें संगठन ने हिरासत में ही रखा है. BLA के मुताबिक, इन सैनिकों को बलूच के राष्ट्रीय अदालत के सामने पेश कर आगे की कार्रवाई की गई.
7 दिनों का दिया अल्टीमेटम
BLA के मुताबिक, पाकिस्तान को 7 दिन का अल्टीमेटम कमांड काउंसिल ने दिया है. ताकि 7 दिनों के अंदर पाकिस्तान से औपचारिक कैदी अदला-बदली की प्रक्रिया शुरू की जा सके. हालांकि संगठन ने यह भी दावा किया कि इस प्रस्ताव को अंतरराष्ट्रीय युद्ध संबंधी सिद्धांतों के तहत रखा गया है. इसके अलावा BLA ने साफ कह दिया है कि अगर 7 दिनों के अंदर कोई हल नहीं निकलता तो आगे बड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ेंः बांग्लादेश चुनाव में इन हिंदू नेताओं ने मारी बाजी, जानें किस पार्टी से है ताल्लुक
क्या लगाया आरोप?
BLA ने पाकिस्तान आर्मी के पकड़े गए जवानों पर पर नागरिक आबादी के खिलाफ सैन्य कार्रवाई, बलूच के लोगों के खिलाफ कथित नरसंहार और जबरन गुमशुदगी जैसे मामलों में शामिल होने का आरोप लगाया है. BLA ने बताया कि आरोपियों को अपना पक्ष रखने के लिए काफी मौका दिया गया लेकिन वे अपने बचाव के लिए कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर पाए. जिसके बाद यह फैसला सुनाया गया.