बांग्लादेश में फ‍िर 4 हिंदुओं की संद‍िग्‍ध मौत! बंद घर में अलग-अलग जगहों पर मिले शव

Bangladesh Hindus family death: बांग्‍लादेश में अल्‍पसंख्‍यकों पर हो रहे अत्‍याचार कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं. एक बार फ‍िर यहां 4 हिंदुओं की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है.
रिटायर टीचर का पूरा परिवार

रिटायर टीचर का पूरा परिवार

Rangpur Murder Case: बांग्‍लादेश में अल्‍पसंख्‍यक समुदायों पर हमले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं. लगातार हिंदू परिवारों को वहां निशाना बनाए जाने का मामला नया नहीं है. लंबे समय से वहां हिंदू परिवारों पर हमले उनके व्यापार को नुकसान पहुंचाना मानों आम बात हो चुकी है. खासतौर पर तख्तापलट के बाद इस तरह की घटनाओं में तेजी देखने को मिली है. ताजा मामला रंगपुर शहर से सामने आया है. जहां एक ही परिवार के 4 लोगों के संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिले. इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

रंगपुर में एक रिटायर्ड हिंदू शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटी और 12 वर्षीय बेटे के शव उनके बंद घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं. यह घटना रंगपुर शहर में हुई है. मामले की जानकारी लगने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. परिवार की मौत कैसे हुई? किसने परिवार पर हमला किया अब तक इस बात की जानकारी सामने नहीं आई है.

कौन हैं जिनके संदिग्ध परिस्थितियों में मिले शव 

मृतकों की पहचान रिटायर टीचर गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी प्रीतिलता, बेटी अगामी और 12 वर्षीय बेटा प्रियम के तौर पर हुई है.स्थानीय निवासियों के अनुसार, गणपति पिछले साल 31 दिसंबर को रंगपुर जिला विद्यालय से रिटायर हुए हैं. बताया जा रहा है कि परिवार के सभी सदस्यों के मोबाइल फोन गुरुवार रात से बंद थे.

कैसे पता चला घर में पड़े हैं शव

रंगपुर के जिस इलाके में यह घटना हुई है. वहां किसी को भी अंदाजा नहीं था कि इस तरह से एक ही घर में 4 शव पड़े हुए हैं. शवों की जानकारी रिश्तेदारों के वहां पहुंचने के बाद पता चली. मृतक के रिश्तेदार लंबे समय से उनको कॉल कर रहे थे. मोबाइल बंद बता रहा था. इसके बाद र‍िश्‍तेदार उनके घर पहुंचे. घर का मुख्य द्वार बंद था और अंदर की सभी लाइट बंद थीं. बाद में पुलिस पहुंची, ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया, जहां चारों के शव मिले’.इसके बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सका है.

पुल‍िस ने क्‍या बताया?

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि मां और बेटी का शव सीढ़‍ियों से बरामद हुआ था. जबकि टीचर का शव छत पर मिला था, बेटे का शव बिस्तर के नीचे पड़ा हुआ था. पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच चल रही है. इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है.

ये भी पढ़ें:बांग्लादेश से रिश्ते और PAK का आतंकवाद… जयशंकर ने खुलकर रखी भारत की बात

ज़रूर पढ़ें