मुसीबत में नेपाल का सहारा बना भारत, अब PM बालेन शाह आएंगे दिल्ली
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह
PM Balen Shah India Visit: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह उर्फ बालेन शाह का पहला विदेश दौरा भारत हो सकता है. ये बात हम नहीं बल्कि खुद नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले कह रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री शाह की भारत यात्रा की तैयारियों पर चर्चा शुरू हो चुकी है. तारीखें तय होने के बाद उनका दौरा इस साल के अंत से पहले हो सकता है. मतलब यह कि पीएम बनने के बाद शाह भारत आ सकते हैं.
यह दौरा ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब नेपाल हाल में आई विनाशकारी बाढ़ की त्रासदी से जूझ रहा है. नेपाल-तिब्बत सीमा से जुड़े इलाकों में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. कई गांव, सड़कें और पुल प्रभावित हुए हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. राहत और बचाव काम युद्धस्तर पर जारी हैं.
भारत ने की नेपाल की मदद
आपदा की इस घड़ी में भारत ने पड़ोसी नेपाल की मदद के लिए तेजी से कदम बढ़ाए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बालेन शाह से फोन पर बात कर बाढ़ से हुई जनहानि पर संवेदना जताई और हरसंभव मानवीय सहायता का भरोसा दिया. भारत की टीमें नेपाली अधिकारियों के साथ राहत और बचाव प्रयासों में समन्वय कर रही हैं.
लगातार सामान भेज रहा भारत
भारत ने नेपाल को राहत सामग्री की खेप भी भेजी है. रिपोर्टों के मुताबिक, अब तक करीब 47.5 टन मानवीय सहायता और आपदा राहत सामग्री नेपाल पहुंचाई जा चुकी है. भारत ने जरूरत पड़ने पर बेली ब्रिज और अन्य अस्थायी पुल उपलब्ध कराने की पेशकश भी की है, ताकि बाढ़ से कटे इलाकों को फिर से जोड़ा जा सके.
ऐसे में बालेन शाह का संभावित भारत दौरा केवल कूटनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि आपदा के समय दोनों देशों के बीच दिखी साझेदारी और भरोसे को आगे बढ़ाने का अहम अवसर माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें:नेपाल बाढ़ हादसे में अब तक 469 की मौत, 28 देशों के लोग लापता, 290 भारतीयों की तलाश जारी