‘भारतीयों के खिलाफ बढ़ रही नफरत…’,अमेरिका में हिंदू मंदिर पर शूटिंग की साजिश से भड़का भारत
19 साल के युवक ने रचाी गोलीबारी की साजिश
US Hindu Temple Plot: अमेरिका में हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर सामूहिक गोलीबारी करने की कथित साजिश सामने आने के बाद भारत ने कड़ी चिंता जताई है. भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस मामले को गंभीर बताते हुए अमेरिकी प्रशासन से भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. भारत का कहना है कि भारतीय मूल के लोगों और हिंदू धर्म के खिलाफ नफरत फैलाने वाली सोच चिंताजनक है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अमेरिका के इलिनॉय राज्य के ऑरोरा इलाके में स्थित हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की साजिश पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि इस घटना से जुड़ी खबरें परेशान करने वाली हैं.
मामले में नस्लवादी और भारत विरोधी मानसिकता सामने आने से चिंता और बढ़ गई है. भारत ने स्पष्ट किया कि इस तरह की नफरत और हिंसा को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए.
19 साल के युवक पर साजिश रचने का आरोप
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, मंदिर पर हमले की योजना बनाने के आरोप में 19 वर्षीय अलेक्जेंड्रोस पापोरकिस को गिरफ्तार किया गया है. वह इलिनॉय के पैलेटाइन इलाके का रहने वाला बताया गया है. जांच के दौरान उसके पास से कथित तौर पर एक नफरती पत्र मिला. जिसमें श्वेत वर्चस्ववादी विचारधारा और भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा से जुड़ी बातें लिखी थीं.
पुलिस ने मामले की जांच तब शुरू की, जब एक व्यक्ति ने आरोपी की कथित योजना के बारे में अधिकारियों को जानकारी दी. बताया गया है कि आरोपी एक टैको बेल रेस्टोरेंट में कैशियर के तौर पर काम करता था.
भारतीय समुदाय की सुरक्षा पर जोर
भारत ने अमेरिकी प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच करने, आरोपियों को कानून के तहत सजा दिलाने और भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की है. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारतीयों के खिलाफ नस्ली भेदभाव और नफरत गंभीर चिंता का विषय है. ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि धार्मिक स्थलों और वहां रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
ये भी पढ़ें: CJP Protest की अनुमति नहीं, हिरासत में क्यों लिया? जानिए पुलिस कमिश्नर ने SC से क्या कहा