Bhopal News: भोपाल में SIR को लेकर कांग्रेस की हाई लेवल बैठक, नेताओं ने नाम कटौती को बताया लोकतंत्र पर वार
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा (फाइल फोटो)
Bhopal News: स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर सीधा हमला बोला है. राजधानी भोपाल स्थित कांग्रेस दफ्तर में शनिवार को इस मुद्दे पर हाई लेवल बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने की. बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, संगठन पदाधिकारी और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए.
कांग्रेस नेताओं ने क्या आरोप लगाया?
- बैठक में प्रदेश की झुग्गी-बस्तियों, आदिवासी और अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में मतदाता सूची से नाम कटवाने के लिए दिए जा रहे आवेदनों पर गंभीर चिंता जताई गई.
- कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बीजेपी सुनियोजित तरीके से अपने विरोधी प्रभाव वाले क्षेत्रों में मतदाताओं के नाम कटवाने का षड्यंत्र कर रही है.
- कांग्रेस का कहना है कि BLO की सूची पर आपत्तियों के नाम पर फर्जी शिकायतें की जा रही हैं, ताकि वास्तविक मतदाताओं को वोट देने के अधिकार से वंचित किया जा सके.
- इसे लोकतंत्र की जड़ों पर हमला बताते हुए कांग्रेस ने इस पर सख्त रुख अपनाया है.
सज्जन सिंह वर्मा ने क्या कहा?
बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पूरी तरह सतर्क कर दिया है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी मतदाता का नाम नहीं कटने दिया जाएगा. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग जानबूझकर फर्जी शिकायतें कर रहे हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. जरूरत पड़ने पर पार्टी स्वयं एफआईआर दर्ज कराएगी. सज्जन सिंह वर्मा ने यह भी कहा कि यदि निर्वाचन से जुड़े किसी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध पाई गई, तो उनके खिलाफ भी मामला दर्ज कराया जाएगा.
ये भी पढ़ें-Rewa News: SIR बन रही चुनौती, मतदाताओं के घर बार-बार दस्तक देना नागवार, धरने पर बैठे बीएलओ
‘आदिवासियों को टारगेट बना रही भाजपा‘
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी विशेष रूप से आदिवासी और अल्पसंख्यक क्षेत्रों को निशाना बना रही है. पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन की साजिश करार देते हुए कहा कि कांग्रेस मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर न्यायालय तक लड़ाई लड़ेगी. पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि बीजेपी साजिश के तहत नाम कटवाने की कोशिश कर रही है. हमने सभी नेताओं को सजग कर दिया है. कोई भी नाम नहीं कटेगा, जो फर्जी शिकायत करेगा उसके खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा. जरूरत पड़ी तो मैं खुद थाने जाकर मामला दर्ज कराऊंगा.