MP News: पुलिस देखते ही फॉर्च्यूनर छोड़कर भागा माफिया, अवैध ड्रग्स फैक्ट्री पर छापेमारी, करोड़ों के केमिकल और उपकरण बरामद
राजगढ़ में पुलिस को देखते ही फॉर्च्यूनर छोड़कर माफिया भाग गया.
MP News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ में पुलिस ने अवैध ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. राजगढ़ और राजस्थान पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए छापेमारी की है. पुलिस का छापा पड़ते ही ड्रग्स कंपनी का संचालक अपनी फॉर्च्यूनर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने मौके से ड्रग्स तैयार करने के केमिकल और अन्य सामान बरामद किए हैं. जिसकी कीमत 4 करोड़ रुपये आंकी जा रही है. वहीं पुलिस ने मौके से 4 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है.
राजस्थान में चेकिंग के बाद पुलिस ने की छापेमारी
मंगलवार देर रात राजस्थान पुलिस झालावड़ जिले में चेकिंग कर रही थी. इस दौरान एक पिकअप वाहन को रोका गया. तलाशी में पुलिस को ड्रग बनाने में इस्तेमाल होने वाला करीब 320 किलो केमिकल मिला. जब पिकअप सवारों से केमिकल से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके. पूछताछ में सामने आया कि यह केमिकल मध्यप्रदेश की ओर सप्लाई किया जा रहा था. पूछताछ के आधार पर राजस्थान पुलिस की टीम तुरंत राजगढ़ पहुंची. यहां मध्य प्रदेश और राजस्थान पुलिस ने माचलपुर थाना क्षेत्र के घोघटपुर गांव में दबिश दी. पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 3-4 अलग-अलग जगह दबिश दी गई.
पुलिस के आने की भनक लगते ही भागा फैक्ट्री संचालक
मध्य प्रदेश और राजस्थान की पुलिस छापेमारी करने जैसे ही गांव में पहुंची तो अवैध ड्रग्स फैक्टारी का संचालक रघु पाटीदार अपनी फॉर्च्यूनर छोड़कर फरार हो गया. मौके से पुलिस ने बड़ी मात्रा में अलग-अलग तरह के केमिकल, ड्रग तैयार करने के उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की है. बरामद किए गए सामान की कीमत 4 करोड़ रुपये आंकी जा रही है. इसके साथ ही पुलिस ने फॉर्च्यूनर गाड़ी भी बरामद की है.
राजस्थान पुलिस ने चार आरोपियों दीपक शर्मा (निवासी नरवल, थाना आगर मालवा), जितेंद्र सिंह राजपूत(निवासी गोंदल मऊ, थाना नलखेड़ा), शैलेंद्र भिलाला (निवासी गोंदल मऊ, थाना नलखेड़ा), जयनारायण उर्फ मामू (निवासी छावनी आगर) को गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गैंग लंबे समय से ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाले केमिकल की सप्लाई और प्रोसेसिंग से जुड़ा हुआ था.
ये भी पढे़ं: MP News: जीवाजी यूनिवर्सिटी में नहीं थम रहे रैगिंग के मामले, आर्य भट्ट हॉस्टल में एलएलबी के छात्र से जमकर मारपीट