PAK vs NED: फहीम अशरफ ने पाकिस्तान को शर्मसार होने से बचाया, नीदरलैंड के खिलाफ दिलाई 3 विकेट से जीत
पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड
PAK vs NED: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का धमाकेदार आगाज हो गया है. कोलंबो में खेले गए पहले मैच में पाकिस्तान ने नीदरलैंड के खिलाफ 3 विकेट से जीत दर्ज कर ली है, पाकिस्तान ने भले ही यह मैच जीत लिया हो, लेकिन यह जीत टीम के लिए राहत से ज्यादा चिंता का कारण बन गई है. एक समय आसान दिख रहे मैच को पाकिस्तान ने खुद मुश्किल बना लिया और अंत में फहीम अशरफ की विस्फोटक पारी ने टीम को शर्मनाक हार से बचा लिया.
नीदरलैंड ने बनाए 147 रन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज बेहद ही रोमांचक अंदाज में हो गया है. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच कोलंबो में खेला गया. इस मैच में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए नीदरलैंड की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. हालांकि इसके बाद कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने मोर्चा संभाला और 29 गेंदों में 37 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. पहले बल्लेबाजी करते हुए नीदरलैंड ने 19.5 ओवर में 147 रन बनाए.
यह भी पढ़ें: IND vs PAK मैच विवाद पर पाकिस्तान लेगा यू-टर्न? श्रीलंका के अल्टीमेटम के बाद बैकफुट पर नकवी
फहीम अशरफ ने दिलाई पाक को जीत
नीदरलैंड द्वारा दिए गए 148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम संघर्ष करते दिखी. टीम के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई. लेकिन इसके बाद पाकिस्तान की पूरी बल्लेबाजी लाइनअप ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. बाबर आजम एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए और वह सिर्फ 15 रन बनाकर चलते बने. अंत में फहीम अशरफ ने 19 वें ओवर में 24 रन बनाकर यह मैच पाकिस्तान की झोली में डाल दिया.
अशरफ ने इस मैच में महज 11 गेंदों में 29 रन की विस्फोटक पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाई. हालांकि, इसमें एक ड्रॉप कैच का बड़ा योगदान रहा वरना पहले ही मुकाबले में पाकिस्तान की फजीहत हो जाती.